पेंड्रा में गूंजा वंदे मातरम्, 25 हजार विद्यालयों के साथ विद्यार्थियों ने एक स्वर में किया राष्ट्रगीत का गायन

  • Admin
  • Sep 25, 2026
  • 1,439 views

सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और नागरिक हुए शामिल; नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों की भावना मजबूत करने पर जोर

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 25 सितंबर 2026।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा में शुक्रवार को सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। देशभर में संचालित लगभग 25 हजार सरस्वती शिशु मंदिरों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि वंदे मातरम् भारत माता के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करने वाला गीत है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भारत की विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रगीत के अर्थ और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् की रचना के पीछे निहित देशप्रेम और राष्ट्रीय भावना को जीवन में आत्मसात करने के साथ ही इस भावना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

राष्ट्रहित की भावना को बताया सर्वोपरि

नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष एवं सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र राकेश जालान ने कहा कि राष्ट्र और देशहित की भावना राजनीति से ऊपर है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रगीत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दायित्वों को समझने और उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया।

बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक हुए शामिल

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, राकेश चतुर्वेदी, विनय सूर्यवाणी, मदन सोनी, विवेक जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, नगर पालिका पेंड्रा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंध अध्यक्ष नीरज जैन, व्यवस्थापक विकास जायसवाल, विद्यालय परिवार के पदाधिकारी, आचार्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, भारत माता पब्लिक स्कूल की छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सामूहिक राष्ट्रगीत गायन के इस आयोजन में विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत नजर आया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और नागरिकों को राष्ट्र के प्रति सम्मान, अनुशासन, एकता तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

सम्बन्धित खबरें