मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति बनी श्रमिक परिवार का सहारा, दो बच्चों की पढ़ाई का खर्च संभालने में मिली राहत

  • Admin
  • Oct 01, 2026
  • 9,099 views

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 1 अक्टूबर 2026। 

श्रम विभाग की मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को जारी रखने में आर्थिक सहारा बन रही है। सीमित आय वाले परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना चुनौतीपूर्ण होता है, ऐसे में योजना के माध्यम से मिलने वाली छात्रवृत्ति से परिवारों को राहत मिल रही है।

पेंड्रा विकासखंड की ग्राम पंचायत बचरवार निवासी निर्माण श्रमिक राजेश कुमार पाण्डेय मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी के बीच बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। वे चाहते थे कि आर्थिक परेशानियों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रहे और वे बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।

ऐसे समय में छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 1 से लेकर उच्च शिक्षा तक अध्ययन के लिए वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

दो बच्चों को मिल रहा छात्रवृत्ति का लाभ

राजेश कुमार पाण्डेय के दो बच्चों को मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल रहा है। छात्रवृत्ति से बच्चों की पढ़ाई से जुड़े खर्चों को पूरा करने में परिवार को आर्थिक सहयोग मिला है। इससे राजेश पाण्डेय पर बच्चों की शिक्षा को लेकर आर्थिक दबाव कम हुआ है और वे उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अधिक विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

योजना का लाभ मिलने पर राजेश पाण्डेय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए शासन की यह पहल उनके जैसे परिवारों के लिए बड़ी मदद है।

मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

सम्बन्धित खबरें