भारत की आत्मा संगीत और लोक वाद्यों में बसती है : विजयानंद

  • Admin
  • Nov 13, 2026
  • 9,646 views

शिकारपुरा में ‘मरूनिनाद’ प्रांत घोष शिविर शुरू, 5000 से अधिक घोष वादक स्वयंसेवक ले रहे भाग

जोधपुर/शिकारपुरा। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलनों में संगीत की मधुर स्वर लहरियां बिखेरने वाले घोष वादक स्वयंसेवकों का चार दिवसीय ‘मरूनिनाद’ प्रांत घोष शिविर (वि.सं. 2083) गुरुवार से जोधपुर के शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम परिसर में शुरू हुआ। शिविर में पारंपरिक और लोक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसका उद्घाटन राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने किया।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा, प्रांत प्रचारक विजयानंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक विजयानंद ने कहा कि शंख, ढोल, रणभेरी और वंशी जैसे घोष वाद्य केवल संगीत के माध्यम नहीं, बल्कि वीरता, पराक्रम और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक हैं। शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से ऊर्जा, उत्साह और विजय का भाव जगाना है।

उन्होंने कहा कि देश और समाज को एक सूत्र में पिरोकर एक दिशा में आगे बढ़ाना लक्ष्य है। लोक वाद्य हमारी संस्कृति की पहचान और अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और पारंपरिक कला को जीवित रखना युवाओं का कर्तव्य है। युवाओं को सेवा और समर्पण की भावना के साथ इन वाद्यों को सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा संगीत और लोक वाद्यों में बसती है, इसलिए इनके संरक्षण के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए।

राजाराम आश्रम परिसर को दिया गया भारतीय परिवेश

शिविर की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही थीं। आयोजन स्थल शिकारपुरा स्थित राजाराम आश्रम परिसर को भारतीय परिवेश के अनुरूप सजाया गया है। परिसर में जगह-जगह रंगोलियां बनाई गई हैं और दूधिया रोशनी की व्यवस्था की गई है। स्वागत द्वार, बौद्धिक कक्ष और प्रदर्शनी स्थल को भी आकर्षक रूप दिया गया है। इसके अलावा आयोजन स्थल पर अलग-अलग सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं।

शिविर में 5000 से अधिक घोष वादक स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। इनके चार दिवसीय आवास के लिए चार बड़े आवासीय परिसर तैयार किए गए हैं। इन्हें किशन भैया नगर, गोपीचंद अरोड़ा नगर, सुबु श्रीनिवासन नगर और ललितेश नगर नाम दिया गया है। प्रत्येक नगर में 1250 से अधिक शिविरार्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। घोष वादकों की संख्या के लिहाज से यह संघ के अब तक के सबसे बड़े आवासीय शिविरों में शामिल है।

शिविरार्थियों के भोजन के लिए विशाल भोजनशाला बनाई गई है, जहां एक समय में सैकड़ों लोग बैठकर भोजन कर सकते हैं। रसोई में आटा गूंथने से लेकर रोटी सेंकने तक के काम आधुनिक मशीनों की सहायता से किए जा रहे हैं। रसोइयों की बड़ी टीम सुबह की चाय-नाश्ते, दोपहर के भोजन और रात्रि भोजन की व्यवस्था में जुटी है।

प्रदर्शनी में राजस्थान की लोक संगीत परंपरा की झलक

‘मरूनिनाद’ प्रांत घोष शिविर में पारंपरिक और लोक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पद्मभूषण कोमल कोठारी द्वारा स्थापित रूपायन संस्थान, जोधपुर के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में राजस्थान की समृद्ध लोक संगीत परंपरा के दुर्लभ वाद्य यंत्रों का संग्रह प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी में वाद्य यंत्रों को चार श्रेणियों में रखा गया है। इनमें तार वाले तत वाद्यों में रावणहत्था, सुरिंदा, अपंग, भपंग, चिकारा (मेव), जोगिया सारंगी और गुजरातन सारंगी शामिल हैं। फूंक से बजाए जाने वाले सुषिर वाद्यों में शंख, अलगोजा, नागफणी, बांकिया, सिंगी और शहनाई प्रदर्शित हैं। चर्म मढ़े अवनद्ध वाद्यों में ढोल, ढोलक, ताशा, मांदल और नगाड़ा रखे गए हैं। वहीं धातु और काष्ठ से बने घन वाद्यों में खड़ताल, मोरचंग, डांडिया, घुंघरू और झांझ शामिल हैं।

प्रदर्शनी में राजस्थानी कठपुतलियों और लोक कलाकारों के दुर्लभ छायाचित्रों के माध्यम से लोक संस्कृति की जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की गई है। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर ‘पंच परिवर्तन’ को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसमें स्व का बोध, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार जैसे विषय शामिल हैं। प्रदर्शनी को लेकर शिविरार्थियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है।

सम्बन्धित खबरें