गांधीसागर जलाशय के तट पर गूंजा मां चंबल का जयघोष, मुख्यमंत्री ने की आरती वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 21 पुजारियों ने कराया पूजन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना मुख्यमंत्री ने चंबल नदी के संरक्षण, स्वच्छता और संवर्धन के लिए सभी से संकल्प लेने का किया आह्वान

  • Admin
  • Nov 18, 2026
  • 6,343 views

 

मंदसौर, बुधवार, 18 नवंबर 2026।

गांधीसागर जलाशय के तट पर बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मां चंबल की भव्य आरती और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मां चंबल की आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

दीपों की रोशनी और जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण

आरती के दौरान दीपों की रोशनी, शंखनाद और चंबल मैया के जयघोष से पूरा तट भक्तिमय हो उठा। मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट सहित 21 पुजारियों और बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से मां चंबल का पूजन-अर्चन संपन्न कराया।

इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और पर्यटक भी आरती में शामिल हुए।

चंबल मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान पशुपतिनाथ के प्रभाव क्षेत्र में चंबल मैया के किनारे स्थित गांधीसागर का संबंध गंगाजी से जुड़ता है। क्षिप्रा नदी चंबल में मिलती है और चंबल की धारा आगे जाकर यमुना नदी में समाहित होती है। चंबल नदी के बिना यमुना की धारा अधूरी है।

उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से मंदसौर, नीमच और राजस्थान के धौलपुर सहित भिंड-मुरैना क्षेत्र को चंबल मैया का आशीर्वाद मिलता रहा है। चंबल नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा है। नदी में घड़ियाल और डॉल्फिन का भी बसेरा है। इसके संरक्षण, स्वच्छता और संवर्धन के लिए सभी को संकल्प लेना चाहिए।

पर्यटन और आस्था का प्रमुख केंद्र बन रहा गांधीसागर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल नदी पर स्थित गांधीसागर जलाशय एशिया के प्रमुख मानव निर्मित जलाशयों में शामिल है। यह मंदसौर और नीमच जिलों सहित पूरे प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।

गांधीसागर बांध क्षेत्र का कैचमेंट एरिया और बैकवॉटर का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करता है। यहां फॉरेस्ट रिट्रीट, टेंट सिटी, वॉटर स्पोर्ट्स और साहसिक गतिविधियों के साथ मां चंबल की आरती भी पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में उभर रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित मंत्रिमंडल के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने चंबल नदी को स्वच्छ रखने, जल का सदुपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।

सम्बन्धित खबरें