खाट से एंबुलेंस तक पहुंचा सफर, जनमन सड़क ने बदली 185 बैगा परिवारों की जिंदगी

  • Admin
  • Oct 08, 2026
  • 2,685 views

करमीपारा और कदमपारा को मिली मुख्य मार्ग से सीधी कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंच हुई आसान

कोरिया, 8 अक्टूबर 2026।

बैकुंठपुर विकासखंड के दूरस्थ वनांचल में बसे करमीपारा और कदमपारा के लिए पक्की सड़क अब सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बेहतर जीवन और सुविधाओं तक पहुंच की नई राह बन गई है। कभी पक्की सड़क के अभाव में बारिश के दिनों में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मरीजों को खाट पर उठाकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता था, वहीं जरूरी सामान के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मुगम से करमीपारा व्हाया कदमपारा तक 5.40 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण 320.74 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इस सड़क से ग्राम पंचायत मुगम के करमीपारा और कदमपारा में निवासरत 185 बैगा परिवारों को मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क मिल गया है।

खाट से एंबुलेंस तक पहुंचा सफर

सड़क निर्माण का सबसे बड़ा असर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच में दिखाई दे रहा है। पहले मरीजों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाना परिवारों के लिए बड़ी चुनौती होता था। अब एंबुलेंस और महतारी एक्सप्रेस गांव तक पहुंच पा रही हैं। आपात स्थिति में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र ले जाना संभव हो रहा है।

सड़क सुविधा का लाभ केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है। बच्चों के लिए स्कूल जाना आसान हुआ है। महिलाओं की बाजार और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच सुगम हुई है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए शहर तक आने-जाने में लगने वाले समय और श्रम की भी बचत हो रही है।

खेत की उपज पहुंच रही आसानी से बाजार

पक्की सड़क बनने से किसानों को भी सीधा लाभ मिला है। पहले अनाज, फल और सब्जियों को बाजार या मंडी तक पहुंचाना मुश्किल होता था। अब वाहन गांव तक पहुंच रहे हैं, जिससे कृषि उपज को बाजार तक ले जाना आसान हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, पहले मुख्य मार्ग तक पहुंचने में आधा दिन तक लग जाता था। अब करीब 20 से 25 मिनट में मुख्य सड़क तक पहुंचना संभव हो गया है। इससे समय की बचत के साथ कृषि गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सुविधा मिली है।

सड़क के साथ पहुंची सुविधाओं की राह

प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति समूहों की पहुंचविहीन बसाहटों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। करमीपारा और कदमपारा में निर्मित यह सड़क भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी है।

पक्की सड़क बनने से स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि और बाजार तक पहुंच आसान हुई है। इसके साथ ही शासकीय योजनाओं और जरूरी सेवाओं की पहुंच भी पहले की तुलना में बेहतर हुई है।

5.40 किलोमीटर सड़क ने कम की वर्षों की दूरी

करमीपारा और कदमपारा के ग्रामीणों के लिए यह सड़क महज 5.40 किलोमीटर का निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा, बाजार और रोजगार के अवसरों से बनी दूरी को कम करने का माध्यम है।

जनमन योजना के तहत बनी यह सड़क वनांचल को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ 185 बैगा परिवारों के जीवन में सुविधाओं और संभावनाओं के नए रास्ते खोल रही है। सड़क से गांव तक पहुंच आसान हुई है और अब स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तथा कृषि उपज के बाजार तक पहुंचने में भी ग्रामीणों को पहले की तुलना में अधिक सुविधा मिल रही है।

सम्बन्धित खबरें