सेवा संकल्प का लक्ष्य नई पीढ़ी में देशभक्ति और आत्मविश्वास जगाना: कृष्णा गौर

  • Admin
  • Sep 21, 2026
  • 1,059 views

 

भोपाल, 21 सितंबर। नई पीढ़ी में देश के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रमुख उद्देश्य है। यह बात पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने सोमवार को भोपाल के आनंद नगर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में गौर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में देश के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना को मजबूत कर उन्हें विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करना जरूरी है।

स्वच्छता से मजबूत समाज की नींव

गौर ने कहा कि देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ समाज ही स्वस्थ और मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से देशहित में सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

संस्कार और संस्कृति से बनती है पहचान

राज्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को देश की विशिष्ट पहचान बताते हुए कहा कि अच्छे संस्कार और मूल्यों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित होता है। शिक्षकों और गुरुओं के मार्गदर्शन में नई पीढ़ी देश के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए आगे बढ़ सकती है।

उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कृष्णा गौर ने पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में संतोष ग्वाला, पार्षद छाया ठाकुर, ममता विश्वकर्मा, प्राचार्य पुष्पा, अशोक गुप्ता, प्रदीप लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें