जमीन पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, विजय शर्मा ने खण्डसरा को दिया 20 लाख का पंचायत भवन

  • Admin
  • Nov 09, 2026
  • 4,300 views

 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

 मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की पहल

कबीरधाम | 9 नवंबर 2026

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम खण्डसरा को 20 लाख रुपये की लागत से बने नवीन ग्राम पंचायत भवन की सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और सांसद संतोष पांडेय ने भवन का लोकार्पण कर इसे ग्रामीणों को समर्पित किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए मौके पर ही पहल की। नवीन पंचायत भवन से गांव में प्रशासनिक कार्यों के संचालन और स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाओं की उपलब्धता आसान होगी।

जमीन पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी बातें उनके सामने रखीं। उप मुख्यमंत्री ने एक-एक कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ली और उनके निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

गांव की चौपाल में दिखा जनसेवा का भाव

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि नवीन पंचायत भवन के निर्माण से पंचायत के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और नागरिकों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का दायित्व है कि वे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझें और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

पंचायत बैठकों और शासकीय योजनाओं के संचालन में मिलेगी सुविधा

नवीन ग्राम पंचायत भवन के लोकार्पण से ग्राम खण्डसरा में पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध हुई है। यहां ग्राम पंचायत की बैठकों, विकास कार्यों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं की जानकारी देने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा। इससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, विदेशी राम धुर्वे, लालचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

सम्बन्धित खबरें

कोई सम्बन्धित खबर नहीं मिली।