मुख्यमंत्री साय की संवेदनशील पहल से शशिकांत को मिला इलाज

 

सोशल मीडिया पर सामने आई गंभीर बीमारी की जानकारी, मुख्यमंत्री ने तुरंत लिया संज्ञान; एम्स रायपुर में कराया भर्ती, उपचार के लिए 4 लाख रुपए की सहायता स्वीकृत

रायपुर, 10 सितंबर 2026।
सोशल मीडिया पर सामने आई एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या की जानकारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए धमतरी जिले के ग्राम देवपुर निवासी 29 वर्षीय शशिकांत भरत के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शशिकांत को 9 सितंबर की शाम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। मुख्यमंत्री ने उनके इलाज के लिए 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की है।

सोशल मीडिया की पोस्ट पर मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान

शशिकांत की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं शशिकांत से दूरभाष पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और उपचार के संबंध में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बिना विलंब कार्रवाई करते हुए शशिकांत को रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया। इससे लंबे समय से बेहतर उपचार की उम्मीद कर रहे शशिकांत और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।

2016 के हादसे ने बदल दी जिंदगी

शशिकांत वर्ष 2016 में हुए एक सड़क हादसे के बाद से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और वे करीब 50 दिनों तक कोमा में रहे। हादसे के बाद सर्वाइकल संबंधी समस्या के कारण उनके हाथ-पांव की कार्यक्षमता भी प्रभावित हुई।

परिवार ने लंबे समय तक विभिन्न अस्पतालों में उनका उपचार कराया, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। ऐसे में एम्स रायपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार शुरू होने से परिवार को अब नई उम्मीद जगी है।

मुख्यमंत्री का फोन बना परिवार के लिए बड़ा संबल

मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं फोन कर स्वास्थ्य की जानकारी लेने और तत्काल उपचार की व्यवस्था कराने से शशिकांत भावुक नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मुख्यमंत्री का स्वयं फोन करना, एम्स में उपचार की व्यवस्था कराना और 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देना उनके और उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा संबल है।

शशिकांत के मामले में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने यह भी दिखाया है कि जरूरतमंद नागरिकों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी सहायता पहुंचाने के लिए शासन स्तर पर संवेदनशीलता के साथ पहल की जा रही है।

सम्बन्धित खबरें