ब्यावरा पहुंची वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा, राज्यमंत्री पंवार बोले- 25 वर्षों से राष्ट्रसेवा में जुटे हैं PM मोदी पीपल चौराहा पर हुआ सेवा संवाद कार्यक्रम, यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधारोपण और जनसेवा का संदेश

  • Admin
  • Sep 27, 2026
  • 1,914 views

भोपाल | 27 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही सेवा यात्रा का ब्यावरा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

यात्रा भोपाल बायपास स्थित अखंड परमधाम आश्रम से शुरू हुई और शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुना नाका पहुंची। यहां भारत माता की आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान पीपल चौराहा पर सेवा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

राज्यमंत्री पंवार ने किया स्वागत

मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश लेकर यात्रियों का ब्यावरा पहुंचना प्रसन्नता का अवसर है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान समाज में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का काम कर रहा है।

'25 वर्षों से लगातार राष्ट्रसेवा में जुटे हैं प्रधानमंत्री'

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिना छुट्टी लिए लगातार 25 वर्षों से राष्ट्रसेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज देश के साथ-साथ विश्वभर में अपनी कार्यशैली, नेतृत्व और जनसेवा के लिए लोकप्रिय हैं।

उन्होंने विभिन्न देशों द्वारा प्रधानमंत्री को दिए गए सर्वोच्च सम्मानों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनके वैश्विक स्तर पर सम्मान और संबंधों को दर्शाता है।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

गांव-गांव पहुंचाया जा रहा सेवा का संदेश

पंवार ने कहा कि सेवा यात्रा में शामिल साथी प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर पहुंच रहे हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता, पौधारोपण और जनसेवा जैसी गतिविधियों के माध्यम से सेवा की भावना को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने यात्रा में शामिल सभी सदस्यों का ब्यावरा पहुंचने पर स्वागत और अभिनंदन किया।

योजनाओं के लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी निर्मला शर्मा ने बताया कि योजना का लाभ मिलने से उनका पक्का घर बनाने का सपना पूरा हो रहा है। वहीं कमलेश सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री की योजनाओं के माध्यम से उन्हें रोजगार का अवसर मिला, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया।

 

सम्बन्धित खबरें