पीएम मोदी के 25 साल की राष्ट्रसेवा पर उज्जैन में सेवा ज्योति यात्रा, सीएम मोहन बोले—विकसित भारत के लिए दें अपना सर्वश्रेष्ठ

  • Admin
  • Oct 07, 2026
  • 19,768 views

मुख्यमंत्री मोहन ने कहा—सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रही प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन की 25 वर्ष की यात्रा

 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का दिलाया संकल्प

उज्जैन | 7 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उज्जैन में सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री की राष्ट्रसेवा की 25 वर्ष की यात्रा को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित बताया और इस गौरवपूर्ण पड़ाव के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया।

7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई राष्ट्रसेवा की यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्र निर्माण के संकल्प की अविराम यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। आज उनकी जनसेवा की यात्रा 25 वर्ष के गौरवपूर्ण पड़ाव पर पहुंच रही है। यह यात्रा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार करने की निरंतर साधना रही है। प्रधानमंत्री ने देश की प्रगति के लिए जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्रसेवा में समर्पित करने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सुदीर्घ, स्वस्थ और यशस्वी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में लाखों नागरिक सेवा संकल्प ज्योति यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

2047 तक विकसित भारत के लिए दिलाया संकल्प

मुख्यमंत्री ने सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल लोगों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर तैयार हुआ है। मध्यप्रदेश सरकार ने भी एक देश, एक प्रधान, एक विधान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा के माध्यम से समान नागरिक संहिता लागू कराने का रास्ता साफ किया है।

महाकाल लोक के बाद उज्जैन में बढ़ा तीर्थाटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्जैन में बाबा महाकाल के श्री महाकाल लोक का लोकार्पण किया। इसके बाद उज्जैन देश के प्रमुख धार्मिक तीर्थाटन केंद्रों में शामिल हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 तक उज्जैन में लगभग 60 से 70 लाख श्रद्धालु आते थे, जबकि वर्ष 2025 में 7 करोड़ तीर्थयात्री उज्जैन पहुंचे। इसी अवधि में मध्यप्रदेश में कुल पर्यटकों की संख्या 20 करोड़ से अधिक पहुंच गई।

कोरोना संकट से लेकर आयुष्मान, उज्ज्वला और आवास तक का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का विचार था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और प्रधानमंत्री लगातार राष्ट्रसेवा करते हुए देश को विकास एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना जैसे वैश्विक संकट से देश को बाहर निकालने, अनुच्छेद 370 पर ऐतिहासिक निर्णय लेने और नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई के साथ आयुष्मान भारत, उज्ज्वला गैस योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया गया। इन पहलों से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की यात्रा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम और सेवा ज्योति मशाल यात्रा में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य उमेश नाथ जी महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, जितेंद्र पंडिया, सतीश मालवीय, डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, उपाध्यक्ष शिवानी कुंवर, संगठन मंत्री चंद्रशेखर, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़, रूप पमनानी, जगदीश पांचाल, राकेश पंड्या, विवेक गुप्ता, कमल बैरवा और अनिल शिंदे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें