स्व. अशोक सिंहल की सेवाएं सदैव याद रहेंगी, सामाजिक समरसता के लिए किए प्रयासों को CM यादव ने किया याद जन्म शताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री बोले—राज्य सरकार आयोजन और सामाजिक समरसता कार्यक्रम में करेगी सहयोग

  • Admin
  • Sep 27, 2026
  • 2,555 views

भोपाल | 27 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राष्ट्रसेवी और विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता रहे स्व. अशोक सिंहल की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता और एकात्मकता की भावना को मजबूत बनाने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विश्व हिंदू परिषद को स्व. सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष के आयोजन और सामाजिक समरसता कार्यक्रम के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री रविंद्र भवन सभाकक्ष में आयोजित स्व. अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

सामाजिक समरसता और एकात्मकता पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश विभिन्न सामाजिक विसंगतियों से गुजर रहा था और समरस वातावरण की आवश्यकता थी, तब अशोक सिंहल ने एकात्मकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रयास किए। उन्होंने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रनीति और जातिगत सद्भाव को बढ़ाने में नागरिकों के सहयोग का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी स्व. सिंहल ने राष्ट्रसेवा और सुशासन के लिए आशीर्वाद दिया था। उन्होंने धारा 370 की समाप्ति तथा आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए देश में विकास का वातावरण बनने की बात कही।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने की पहल की गई है और इसमें सभी समुदायों का व्यापक समर्थन मिलने की बात कही।

गौशालाओं और गोवंश संरक्षण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में घर-घर गोपाल के विचार को बढ़ावा मिल रहा है। बड़ी गौशालाओं की स्थापना के साथ शहरों में कांजी हाउस को देखभाल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। वृद्ध गोवंश के लिए आहार की व्यवस्था और पंचायत स्तर तक गौपालक एवं गोवंश संरक्षण का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिवर्ष उन्नत नस्ल की देसी बछिया वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। गिर नस्ल के पशुधन से दूध उत्पादन बढ़ाने और किसानों तथा पशुपालकों को इसका लाभ देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

राम के बाद कृष्ण की भूमि पर भी उत्सव की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मुस्करा रहे हैं और आने वाले समय में मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण मुस्कराएंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जन्माष्टमी और गोवर्धन जयंती जैसे त्योहार मिलजुलकर मनाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम को रामप्रवेश देवाचार्य महाराज, गुफा मंदिर धाम भोपाल, सुदेश शांडिल्य महाराज, पीठाधीश्वर करुणाधाम आश्रम, विनायक राव देशपांडे, केंद्रीय सह संगठन महामंत्री, चौधरी ओपी गोदिया, राष्ट्रीय कार्यवाह अध्यक्ष वाल्मीकि महासभा और स्व. सिंहल के निकट सहयोगी तथा मध्यप्रदेश वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में अशोक पांडे, प्रांत संघ संचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पूज्य बुद्ध भूषण भदंत, रानी कमलापति बुद्ध विहार, विधायक रामेश्वर शर्मा और भोपाल की महापौर मालती राय सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें