दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये मंजूर, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया मदद का हाथ

  • Admin
  • Oct 10, 2026
  • 3,284 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चे को गोद में लेकर दुलारा, कहा—यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है; इलाज में नहीं आने देंगे कोई कमी

आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान परिवार को मिली बड़ी राहत, रिमोन ने गीत सुनाकर मुख्यमंत्री का जताया आभार

सक्ती, 10 अक्टूबर 2026।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल से दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे सक्ती जिले के 10 वर्षीय रिमोन टंडन और उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। बेटे के महंगे इलाज के लिए लाखों रुपये जुटाने में असमर्थ किसान पिता की चिंता को समझते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत तत्काल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि रिमोन के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने बच्चे को स्नेहपूर्वक गोद में उठाया, दुलारा और उसके स्वास्थ्य तथा उपचार के संबंध में परिजनों से विस्तार से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज पर आने वाले खर्च की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रिमोन के माता-पिता को ढांढस बंधाते हुए कहा, "यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है। रिमोन के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उसके उपचार की पूरी जिम्मेदारी अब हमारी सरकार की है।"

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकार का संबल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है।

दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है 10 वर्षीय रिमोन

ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों ने उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई है। इस उपचार पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आय के कारण बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके लिए संभव नहीं था। एक ओर बेटे को जल्द से जल्द आवश्यक उपचार दिलाने की चिंता थी, तो दूसरी ओर लाखों रुपये का खर्च उनकी आर्थिक क्षमता से बाहर था।

ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री की पहल से 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत होने पर परिवार को बड़ी राहत मिली है। इससे रिमोन को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने का रास्ता आसान हुआ है और उसके स्वस्थ होने की उम्मीद मजबूत हुई है।

किसान पिता बोले—मुख्यमंत्री ने हमारी परेशानी को अपनी चिंता समझा

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे के इलाज के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था। वे लंबे समय से रिमोन के स्वास्थ्य और उसके उपचार को लेकर चिंतित थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री साय ने उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की, जिससे उनके परिवार को बहुत बड़ा सहारा मिला है।

अजय कुमार टंडन ने कहा, "मुख्यमंत्री जी ने हमारे बेटे के इलाज की चिंता को अपनी चिंता समझा। उनके सहयोग से अब हमें विश्वास है कि हमारे बेटे को आवश्यक उपचार मिल सकेगा। इस कठिन समय में हमारे परिवार के साथ खड़े होने के लिए हम मुख्यमंत्री जी और राज्य सरकार के हृदय से आभारी हैं।"

गीत सुनाकर रिमोन ने जताया आभार, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान एक भावुक और आत्मीय दृश्य भी देखने को मिला। आर्थिक सहायता मिलने से खुश नन्हे रिमोन ने मुख्यमंत्री साय को गीत सुनाकर उनका धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने बड़े स्नेह से उसका गीत सुना और उसका उत्साह बढ़ाया।

उन्होंने रिमोन को खूब पढ़ने, जीवन में आगे बढ़ने और स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि बच्चे की मुस्कान और उसका स्वस्थ भविष्य परिवार के साथ-साथ सरकार के लिए भी सबसे बड़ी खुशी होगी।

गंभीर बीमारियों के इलाज में जरूरतमंद परिवारों का सहारा बनी योजना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना ऐसे परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन रही है, जिनके लिए गंभीर बीमारियों के इलाज का खर्च स्वयं वहन करना कठिन होता है।

इस योजना के माध्यम से पात्र जरूरतमंद मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद व्यक्ति का इलाज बाधित न हो और गंभीर बीमारी की स्थिति में परिवार को अकेले आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

रिमोन के उपचार के लिए तत्काल 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत किया जाना इसी संवेदनशील पहल का उदाहरण है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से एक किसान परिवार को बड़ी आर्थिक चिंता से राहत मिली है। साथ ही 10 वर्षीय रिमोन के आवश्यक उपचार और स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटने की उम्मीद भी मजबूत हुई है।

सम्बन्धित खबरें