त्योहारों से पहले सुधरेंगी सड़कें, अक्टूबर तक पूरे होंगे पीएम आवास; अरुण साव ने अधिकारियों को दी समयबद्ध काम की हिदायत

  • Admin
  • Oct 08, 2026
  • 8,736 views

विकास योजनाओं में तेजी, गुणवत्ता और निगरानी पर जोर; पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने और प्राथमिक स्कूलों में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश

अंबिकापुर, 8 अक्टूबर 2026।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

समय-सीमा में पूरे हों विकास कार्य

अरुण साव ने अधिकारियों को योजनाओं और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। कार्यों की निरंतर निगरानी के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्यालयों की व्यवस्था सुधारने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

अरुण साव ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझें और गंभीरता व सक्रियता से दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।

अक्टूबर तक पूरे हों निर्माणाधीन पीएम आवास

नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर प्रदेश की छवि और जिले की प्रतिष्ठा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इसलिए नगरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू किए जाएं और प्रगतिरत कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता का कार्य बताते हुए उन्होंने सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक प्रगतिरत निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व संग्रहण कार्य की हर माह समीक्षा करने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद के कार्यों, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), 15वें वित्त आयोग, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई।

त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत में तेजी

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान अरुण साव ने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

उन्होंने कहा कि सड़क और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का सीधा असर आम लोगों के आवागमन पर पड़ता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है। ऐसे में सड़क और अन्य निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी के निर्देश

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन सहित पेयजल और अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अरुण साव ने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से आम नागरिकों तक पहुंचाने को कहा। पेयजल से जुड़ी अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

प्राथमिक शालाओं में बढ़ेंगी खेल गतिविधियां

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान खेल गतिविधियों, खेल अधोसंरचना और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी ली गई। अरुण साव ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने खेल अधिकारियों को जिला पंचायत सीईओ और शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियां संचालित करने के लिए चिन्हांकित करने के निर्देश भी दिए।

सरगुजा ओलंपिक में अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर

बैठक में सरगुजा ओलंपिक के लिए किए जा रहे पंजीयन की भी जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ खेल संघों और खेल से जुड़े लोगों को अभियान में शामिल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खेल स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, मिलकर चलने की भावना और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम के आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें