जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, चार्ज अधिकारियों को दिया गया जिला स्तरीय प्रशिक्षण

  • Admin
  • Oct 24, 2026
  • 9,903 views

संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने कहा—जनगणना के आंकड़े शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण

अम्बिकापुर, 24 अक्टूबर 2026।

जनगणना के आंकड़े शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना का कार्य पूरी सावधानी, सटीकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। यह बात सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने शनिवार को अम्बिकापुर कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित डिजिटल जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही।

जनसंख्या गणना से संबंधित इस प्रशिक्षण में जिले के चार्ज अधिकारी, जिनमें तहसीलदार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल थे, उपस्थित रहे। संभागायुक्त दुग्गा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और मकान की प्रविष्टि सावधानीपूर्वक दर्ज की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति या घर गणना से छूटने न पाए।

उन्होंने कहा कि सभी चार्ज अधिकारियों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन करें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर समय रहते उसका समाधान कर लें। इससे प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पूछे जाने वाले प्रश्नों का उचित उत्तर देने और जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

नागरिक सही जानकारी देकर जनगणना में करें सहयोग

संभागायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करेंगे। ऐसे में सभी नागरिक जनगणना के दौरान सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि आंकड़े सटीक रहें और उनके आधार पर प्रभावी योजनाएं तैयार की जा सकें।

उन्होंने बताया कि सरगुजा संभाग में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य बेहतर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दूसरे चरण में भी अधिकारी इसी तरह जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करेंगे।

मास्टर ट्रेनर्स ने कंप्यूटर आधारित प्रस्तुतीकरण से दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नवा रायपुर स्थित प्रदेश के जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर्स ने कंप्यूटर आधारित प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से चार्ज अधिकारियों को आवश्यक जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, निर्देशों और कार्य संबंधी जिम्मेदारियों से अवगत कराना था।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रताप विजय खेस्स, अम्बिकापुर के अनुविभागीय दंडाधिकारी बनसिंह नेताम, उदयपुर के एसडीएम रामराज सिंह, सीतापुर की एसडीएम प्राची ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर प्रिंसी तम्बोली और सुष्मिता टोंड्रे सहित तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें