राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों की समीक्षा

  • Admin
  • Oct 12, 2026
  • 9,933 views

22 एवं 23 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे को लेकर लोकभवन में हुई बैठक, सुरक्षा, चिकित्सा, पार्किंग और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को निर्देश

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 एवं 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज लोकभवन में तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान लोकभवन में की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, निर्बाध बिजली आपूर्ति और इंटरनेट सुविधा सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष जोर

राष्ट्रपति के प्रवास को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और प्रोटोकॉल के अनुरूप वाहनों की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रवास के दौरान व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें