MP में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा: बिरसिंहपुर की 200 MW फ्लोटिंग सोलर परियोजना पर निवेशकों से संवाद नई दिल्ली में निवेशक बैठक, 50 MW/100 MWh बैटरी स्टोरेज परियोजना पर भी चर्चा; ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए निवेश संभावनाएं सामने रखीं

  • Admin
  • Sep 25, 2026
  • 1,369 views

भोपाल | 25 सितंबर 2026

मध्यप्रदेश में हरित ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बिरसिंहपुर सोलर-बैटरी स्टोरेज परियोजना को लेकर नई दिल्ली में निवेशक संवाद आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश भवन में हुए कार्यक्रम में 200 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्लस 50 मेगावाट/100 मेगावाट घंटा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम परियोजना से जुड़ी निवेश संभावनाओं पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए मध्यप्रदेश में हरित ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों को निवेशकों एवं प्रमुख हितधारकों के सामने रखना था।

निवेशकों के सामने रखी गई परियोजना की संभावनाएं

अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे ने कार्यक्रम में परियोजना और प्रदेश में हरित ऊर्जा तथा ऊर्जा भंडारण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर विचार रखे।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नवाचारी पूल्ड फाइनेंसिंग तंत्र और शासन के सहयोग के माध्यम से शहरी अधोसंरचना के वित्तपोषण में नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि डेवलपर्स, वित्तीय संस्थानों और ऊर्जा क्षेत्र के प्रमुखों की रुचि प्रदेश की विकास दृष्टि और संस्थागत विश्वसनीयता में निवेशकों के विश्वास को दर्शाती है।

वित्तीय रूप से मजबूत और पर्यावरण-अनुकूल परियोजनाओं पर जोर

संजय दुबे ने कहा कि विभिन्न विभागों और सार्वजनिक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से ऐसे प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं, जो पर्यावरण की दृष्टि से जिम्मेदार होने के साथ वित्तीय रूप से मजबूत और निवेश के लिए तैयार हों।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह ने परियोजना के उद्देश्य और स्वरूप की जानकारी दी। अधीक्षण अभियंता अवनीश शुक्ला ने परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया।

निवेशकों के साथ हुआ प्रश्नोत्तर और सुझावों का आदान-प्रदान

कार्यक्रम में निवेशकों और अन्य हितधारकों के साथ परामर्श एवं प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर खुली चर्चा हुई और निवेशकों एवं हितधारकों से सुझाव लिए गए।

कार्यक्रम का समन्वय मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के तकनीकी अधिकारी कमलेश भटनागर और CEO गणवीर सिंह ने किया।

39 से अधिक डेवलपर फर्मों के प्रतिनिधि हुए शामिल

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण क्षेत्र में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, परियोजना के विभिन्न पहलुओं और संभावित अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बताया गया कि कार्यक्रम में 39 से अधिक डेवलपर फर्मों तथा प्रमुख ऊर्जा और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। यह संवाद ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं को निवेशकों के समक्ष रखने की दिशा में आयोजित किया गया।

सम्बन्धित खबरें