राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता हासी देवी पर जारी किया 200 रु का सिक्का

  • Admin
  • Oct 22, 2026
  • 1,715 views

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर के लोकभवन में किया अनावरण, सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे मौजूद


रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। सिंधी समाज की आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा को राष्ट्रीय सम्मान देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित समारोह में सिक्के का अनावरण किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी यह विशेष सिक्का माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए इसे गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

सिक्के पर माता हासी देवी की छवि, दूसरी ओर अशोक स्तंभ

भारत सरकार द्वारा जारी स्मारक सिक्के पर माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। सिक्के का अनावरण होने के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।

शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं माता हासी देवी

माता साहिब हासी देवी रायपुर स्थित पूज्य शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं। उनकी 200वीं जयंती पर स्मारक सिक्का जारी होना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इससे उनके आध्यात्मिक योगदान और समाज के प्रति उनकी भूमिका को व्यापक पहचान मिलने के साथ नई पीढ़ी को भी उनकी विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

संत युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन

समारोह में शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम तथा राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में शदाणी दरबार के सदस्यों के साथ देशभर से आए जनप्रतिनिधियों और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

सम्बन्धित खबरें