राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का

  • Admin
  • Oct 22, 2026
  • 2,381 views

लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में हुआ अनावरण, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रहे उपस्थित; सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उपस्थित रहे। सिंधी समाज की आध्यात्मिक विभूति के सम्मान में जारी यह सिक्का देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गौरव का विषय है।

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी इस विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता साहिब हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं माता साहिब हासी देवी

पूज्य माता साहिब हासी देवी रायपुर स्थित शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं। उनकी 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार की ओर से स्मारक सिक्का जारी किया जाना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। यह सम्मान उनकी आध्यात्मिक विरासत और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर स्मरण करने का माध्यम है।

सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया।

इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य, देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें