PM सूर्य घर योजना: 64,644 उपभोक्ताओं को 440 करोड़ से ज्यादा की सब्सिडी

  • Admin
  • Oct 01, 2026
  • 7,843 views

भोपाल | 29 सितंबर 2026

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र में आने वाले भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 16 जिलों में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 64,644 उपभोक्ता पंजीकृत हो चुके हैं। कंपनी के अनुसार इन उपभोक्ताओं के खातों में 440 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी जमा कराई जा चुकी है।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से कहा है कि योजना में ऑनलाइन पंजीयन कराने के बाद सौर ऊर्जा संयंत्र केवल विद्युत वितरण कंपनी में पंजीकृत अधिकृत वेंडर से ही लगवाएं।

3 किलोवॉट के संयंत्र पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी

योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा सोलर संयंत्र की क्षमता के आधार पर सब्सिडी दी जा रही है।

  • 1 किलोवॉट — 30 हजार रुपये
  • 2 किलोवॉट — 60 हजार रुपये
  • 3 किलोवॉट या उससे अधिक — 78 हजार रुपये

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?

पीएम सूर्य घर योजना की शुरुआत 13 फरवरी 2024 को हुई थी। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए पीएम सूर्य घर योजना की वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है।

इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की वेबसाइट, उपाय ऐप, WhatsApp चैटबॉट और टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।

सब्सिडी के लिए नाम एक जैसा होना जरूरी

कंपनी के अनुसार उपभोक्ताओं को समय पर सब्सिडी मिलने के लिए बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम एक समान होना चाहिए। नाम में अंतर होने पर सब्सिडी की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

स्मार्ट मीटर से भुगतान में भी राहत

कंपनी के अनुसार 1 दिसंबर 2024 से स्थापित पीएम सूर्य घर योजना के सौर संयंत्रों में केवल स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। ये स्मार्ट मीटर मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा SOR रेट पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कंपनी का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं द्वारा सोलर वेंडर को किए जाने वाले भुगतान में लगभग 6 से 8 हजार रुपये तक की कमी देखने को मिल रही है।

सम्बन्धित खबरें