मुख्यमंत्री की पहल पर पटवारियों की हड़ताल स्थगित, मांगों के परीक्षण के लिए बनेगी उच्चस्तरीय समिति

  • Admin
  • Nov 22, 2026
  • 1 views

वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों का परीक्षण कर निराकरण की अनुशंसा करेगी समिति

हड़ताल अवधि में हुई कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन

सकारात्मक चर्चा के बाद पटवारी संघ ने लिया निर्णय, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

रायपुर, 22 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और सकारात्मक संवाद के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री निवास में आज पटवारी संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई मुलाकात और चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।

बैठक में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं की विस्तृत जानकारी रखी। मुख्यमंत्री साय ने उनकी बातों को धैर्यपूर्वक और सहानुभूति के साथ सुना। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।

वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों पर बनेगी समिति

मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति संबंधित मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार

मुख्यमंत्री साय ने हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों के संबंध में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने दोहराया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आपसी संवाद और समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश पर छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने आभार व्यक्त किया। सकारात्मक चर्चा के बाद संघ ने राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।

सम्बन्धित खबरें