पैर में चोट के बाद नंदकुमार साय को बेहतर उपचार के लिए रायपुर लाए मुख्यमंत्री, बालाजी अस्पताल में भर्ती

  • Admin
  • Nov 23, 2026
  • 0 views

जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने निवास पहुंचकर जाना था हालचाल, चलने-फिरने में हो रही थी परेशानी

यात्रा में असुविधा से बचाने के लिए हेलीकॉप्टर से अपने साथ रायपुर लेकर आए विष्णु देव साय

रायपुर, 23 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से अपने साथ रायपुर लेकर आए। उनके उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री साय ने आज पत्रकारों से चर्चा में बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी। आज उन्हें रायपुर आना था, इसलिए वे नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था की गई है।

सम्बन्धित खबरें