किसानों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : रविवार, अगस्त 9, 2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में कृषकों के कल्याण के लिए 16 विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। किसान पूरी लगन और मेहनत से खेती करें, अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था की जा रही है। हमारा उद्देश्य खेती की आमदनी को दोगुना करने के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से कृषकों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना है। प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से 20 प्रतिशत ले जाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री मोहन यादव राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

**अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है**

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजगढ़ को कई सौगातें दी हैं। हाईवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है। मोहनपुरा-कुंडालिया डैम से जिले में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से जिले को और भी लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध हो रहे अवसरों से राजगढ़ जिले की छवि को बदलने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। सरकार ने प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है। किसानों को सोयाबीन के लिए भावांतर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दी जाने वाली राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंच रही है। लाड़ली बहनों को भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने इन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की।

**कवच योजना से दूर हुई हजारों किसानों की चिंता**

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'कवच योजना' का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से किसान दोबारा बैंक ऋण और फसल ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों की चिंता दूर हुई है और वे बैंकिंग व्यवस्था की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। साथ ही बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत किसानों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीघ्र ही लाड़ली बहना योजना की राशि बहनों के खातों में जारी की जाएगी। प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने ग्राम, वार्ड, जनपद और जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं आयोजित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

**काम नहीं करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, बेहतर कार्य पर मिलेगा प्रोत्साहन**

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जिलों में बड़े पैमाने पर पुलिस भर्ती की है। सभी जिलों में पुलिस बैंड की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश में लगभग 80 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, जिनमें लगभग 10 हजार पद शिक्षकों के हैं। अधिकारी-कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया भी निरंतर जारी है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक शुक्रवार को जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनता के बीच जाकर कार्य करें। शुक्रवार को कोई बैठक नहीं होगी। लापरवाही या काम नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से गरीब और वंचित वर्ग के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करने का आग्रह किया तथा स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और हलधर जयंती की शुभकामनाएं दीं।

सम्बन्धित खबरें