छत्तीसगढ़ में अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा गन्ना

  • Admin
  • Oct 10, 2026
  • 8,388 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद लिया निर्णय, पेराई सत्र 2025-26 की खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर से होगा

रायपुर, 10 अक्टूबर 2026।

 छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। पेराई सत्र 2025-26 के दौरान खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल दिलाना और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री साय से शनिवार को भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों की मांगों और हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित पहल की और गन्ने की खरीदी की दर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने का निर्णय लिया।

पेराई सत्र 2025-26 के भुगतान पर भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री के इस निर्णय के अनुसार, शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। साथ ही, पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी इसी बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा। इससे संबंधित पेराई सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी बढ़ी हुई दर का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। किसान हित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जा रहे हैं, ताकि कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके और किसान परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों के हितों को अपनी नीतियों और निर्णयों के केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ के विकास का रास्ता प्रशस्त होगा। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और कृषि उनके लिए सम्मानजनक एवं लाभकारी आजीविका का सशक्त माध्यम बने।

भारतीय किसान संघ ने जताया आभार

प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना उत्पादक किसानों के हित में लिए गए निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ी हुई दर से गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा।

प्रतिनिधिमंडल में भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें