NIA ने नालागढ़ पुलिस स्टेशन ब्लास्ट मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया

शिमला/नई दिल्ली। 

नालागढ़ पुलिस स्टेशन में इसी साल एक जनवरी को हुए आईईडी विस्फोट के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने अब तक मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

एक जनवरी 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे नालागढ़ पुलिस स्टेशन परिसर की दीवार के साथ धमाका हुआ। यह धमाका जांच अधिकारी के कमरे से सटी बाहरी दीवार के पास हुआ था।

शुरुआत में नालागढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में एनआईए ने जांच अपने हाथ में ले ली। 8 मई 2026 को एनआईए ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

एनआईए ने पहले महावीर कुमार उर्फ काका, अजय मेहरा और मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को मामले में गिरफ्तार किया था। ये तीनों पहले पंजाब पुलिस के मोहाली एसएसओसी की एफआईआर नंबर 02/2026 में गिरफ्तार थे। बाद में एनआईए ने इन्हें अपने मामले में भी गिरफ्तार किया।

घटना की जांच के दौरान तीन और लोगों की भूमिका सामने आई। इनकी पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श कंडोला (मोहल्ला सिरहिंदिया, राहों, जिला एसबीएस नगर, पंजाब), करणप्रताप (मोहल्ला रोटा, राहों, जिला एसबीएस नगर, पंजाब), दिलजोत सैनी (झांसी पार्क कॉलोनी, नवांशहर रोड, राहों, जिला एसबीएस नगर, पंजाब) के तौर पर हुई है। तीनों पहले से ही पंजाब के गढ़शंकर पुलिस स्टेशन की एफआईआर नंबर 11/2026 में गिरफ्तार थे। अब एनआईए ने इन्हें नालागढ़ आईईडी ब्लास्ट केस में भी गिरफ्तार कर लिया है। इसी के साथ नालागढ़ आईईडी धमाके के मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है।

 

 

 


 

सम्बन्धित खबरें