नवा रायपुर में 406.72 एकड़ में बनेगा मल्टी-सेक्टर औद्योगिक पार्क, केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव

  • Admin
  • Sep 30, 2026
  • 9,322 views

रायपुर, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल आगे बढ़ी है। भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत नवा रायपुर अटल नगर में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने के प्रस्ताव को स्टेट लेवल कमेटी ने मंजूरी दे दी है। लगभग 406.72 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस औद्योगिक पार्क का परियोजना प्रस्ताव अब भारत सरकार को भेजा जाएगा।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक हुई। इसमें छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) द्वारा प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क की परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीपीआर से लेकर वित्तीय व्यवस्था तक की समीक्षा

बैठक में प्रस्तावित परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR), मास्टर प्लान, भूमि की उपलब्धता, आवश्यक अधोसंरचना, परियोजना लागत, वित्तीय व्यवस्था और BHAVYA की संचालन गाइडलाइन के अनुरूप प्रस्ताव से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई।

सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद समिति ने परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्णय लिया।

नवा रायपुर में विकसित होगा औद्योगिक केंद्र

CRDA के प्रस्ताव के अनुसार यह इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में विकसित किया जाएगा। लगभग 406.72 एकड़ में बनने वाले इस पार्क में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है।

स्टेट लेवल कमेटी ने चर्चा के बाद परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजे जाने के लिए अनुमोदित कर दिया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव CRDA के माध्यम से भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के आगामी चरणों पर कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, प्रबंध संचालक सीएसआईडीसी उमेश कुमार झा, एनआरडीए नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें