बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, राहत शिविरों का लिया जायजा

  • Admin
  • Sep 26, 2026
  • 1,269 views

भरदा के वार्ड 12 में नाली निर्माण को मंजूरी के निर्देश, फसल क्षति सर्वे कराने के दिए निर्देश

दुर्ग, 26 सितंबर 2026

बाढ़ प्रभावितों से राहत शिविरों में मिले, ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में नाली निर्माण के निर्देश

बाढ़ प्रभावितों से राहत शिविरों में मिले, ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में नाली निर्माण के निर्देश

स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को दुर्ग शहर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिवनाथ नदी स्थित गणेश विसर्जन स्थल पर पहुंचकर नदी के जलस्तर और विसर्जन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी मौजूद रहे।

नदी का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए मंत्री ने गणेश विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि छोटे पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण पिछली रात से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन रोक दिया गया है। जलस्तर कम होने के बाद प्रशासन की निगरानी में विसर्जन प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई जाएगी। मंत्री ने विसर्जन के लिए पहुंचे नागरिकों से प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की। विसर्जन स्थल पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ, स्थानीय नाविक और नागरिक भी सहयोग कर रहे हैं।

पुलगांव राहत शिविर में 48 लोगों से की मुलाकात

इसके बाद मंत्री पुलगांव के वार्ड क्रमांक 55 स्थित कोसरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर पहुंचे। यहां महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित 48 लोगों को ठहराया गया है। मंत्री ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से नदी का जलस्तर कम होने के बाद ही अपने घर लौटने की अपील की।

उन्होंने अधिकारियों को राहत शिविर में स्वास्थ्य सुविधा, प्रकाश, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों द्वारा पट्टे की मांग किए जाने पर मंत्री ने गोकुल नगर स्थित घास भूमि को आवास के लिए आवंटित कराने का आश्वासन दिया।

भरदा में 210 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर में ठहराया

मंत्री ने ग्राम भरदा के स्कूल में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। तांदुला और शिवनाथ नदी के किनारे ईंट भट्ठों तथा सब्जी बाड़ियों में काम करने वाले 210 लोगों को सुरक्षित निकालकर इस शिविर में ठहराया गया है। उन्होंने सरपंच सुनीता भारदीय, स्थानीय नागरिक गोपाल पाड़े और ग्रामीणों से शिविर की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। शिविर में ठहरे लोगों ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

सरपंच की मांग पर मंत्री ने कलेक्टर को ग्राम भरदा के वार्ड क्रमांक 12 में वी-बी-जी-राम-जी के अंतर्गत नाली निर्माण कार्य की स्वीकृति देने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण किसानों की मांग पर उन्होंने फसल क्षति का सर्वे कराने की बात कही।

चंगोरी में जलभराव पर लगातार निगरानी के निर्देश

ग्राम चंगोरी में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव की ओर पानी भरने की जानकारी मिलने पर मंत्री ने कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर निगम दुर्ग की आयुक्त लीना कोसम, एसडीएम महेश राजपूत, निगम के अतिरिक्त आयुक्त मोहेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें