शौर्य दिवस पर शहीद परिवारों का सम्मान, राज्यपाल ने वीर जवानों के बलिदान को किया नमन

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 1 views

रायगढ़, 14 नवंबर 2026। 

शहीदों का त्याग और समर्पण राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। उनके परिवारों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। यह बात राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित शौर्य दिवस समारोह में कही। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित कर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। एक सैनिक का बलिदान केवल उसका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए त्याग करता है। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके सुख-दुख में सहभागी बनना हम सभी का दायित्व है।

नक्सलवाद के विरुद्ध जवानों के साहस को सराहा

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के बीच जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। अनेक जवानों ने देश और प्रदेश की शांति एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना और राष्ट्र के विकास में योगदान देना भी सच्ची देशभक्ति है।

राज्यपाल ने सभी से शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

सेना में जाने के इच्छुक विद्यार्थियों को दी प्रोत्साहन राशि

समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय सेना में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इनमें सैनिक स्कूल में अध्ययनरत अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार एवं सृष्टि राठिया शामिल थे। इसके अलावा कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल एवं अर्नव गुप्ता को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।

इसी क्रम में ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सम्बन्धित खबरें