दो साल में मध्यप्रदेश बनेगा देश की ‘मिल्क कैपिटल’, भोपाल में खुलेगा गायों के भ्रूण उत्पादन का केंद्र मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रखा 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दुग्ध संकलन का लक्ष्य; 3 हजार से अधिक गौशालाओं को 65.66 करोड़ रुपये की सहायता और 466 पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपये के पुरस्कार

  • Admin
  • Nov 09, 2026
  • 7,630 views

भोपाल, 9 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश को अगले दो वर्षों में देश की ‘मिल्क कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रदेश में दुग्ध संकलन क्षमता को वर्तमान 12 लाख किलोग्राम से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। गौसेवा, गौवंश संरक्षण और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री सोमवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन को जलप्रलय से बचाया था। यह मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज से अलग नहीं है। सामाजिक आयोजनों में सरकार की भागीदारी जरूरी है, इसलिए अब समाज के सभी प्रकार के आयोजनों में सरकार बढ़-चढ़कर शामिल होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और गांवों को समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

भोपाल में बनेगा उन्नत नस्ल की गायों का भ्रूण उत्पादन केंद्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन जरूरी है। देशी गायों के अलावा गिर और साहीवाल नस्ल की गायों से अधिक दूध उत्पादन होता है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश में गुजरात की तर्ज पर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी है। इस केंद्र में प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इससे प्रदेश में उन्नत नस्ल की गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि भोपाल के बरखेड़ी डोब में 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली हाईटेक गौशाला का निर्माण भी किया जा रहा है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के साथ आधुनिक और आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा।

पशुपालकों को 42 लाख रुपये तक ऋण सहायता और 13.86 लाख रुपये तक अनुदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने के लिए पशुपालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना जरूरी है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत 25 दुधारू गाय या भैंसों की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13 लाख 86 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

डेयरी क्षेत्र में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए पूरी डेयरी वैल्यू चेन नेटवर्क को शत-प्रतिशत डिजिटल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी सरकार की प्राथमिकता है।

3 हजार से अधिक गौशालाओं को 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि

मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं को कुल 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। यह राशि गौशालाओं में निवासरत 5 लाख 51 हजार से अधिक गौवंश के भरण-पोषण के लिए दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी निराश्रित गायों को निकटतम गौशालाओं में भेजा जा रहा है। गौशालाओं को मजबूत बनाने और वहां संरक्षित गौवंश को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए प्रति गाय दी जाने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है।

466 पशुपालकों के खातों में पहुंचे 2.95 करोड़ रुपये

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रदेश के 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये दिए गए। मुख्यमंत्री ने कुल 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि सीधे पशुपालकों के बैंक खातों में अंतरित की।

समारोह में प्रदेश के उत्कृष्ट पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को प्रशस्ति पत्र एवं 56 भोग की थाल भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गौरव रघुवंशी, ज्ञानेश्वर पटेल, सुनील सिंह पंवार, कुशल सिंह दांगी, नर्मदा प्रसाद पटेल, विक्रम सिंह मीणा, रामबाबू, छतरसिंह धाकड़, राजेश पाटीदार, मुकेश वर्मा, मोहनलाल प्रसाद, हरगोविंद पटेल और संतोष कुमार शामिल रहे।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन जिले के ग्राम तालोद के गौरव रघुवंशी की गिर गाय ने प्रतिदिन 19.760 लीटर दूध उत्पादन के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कई वर्षों से गौसेवा में जुटे गौसेवकों और गौशाला संचालकों प्रेमीचंद्र जैन, सूरज परमार, ब्रिजेश व्यास और प्रहलाद दास मंगल को भी सम्मानित किया। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेता पशुपालकों को बधाई दी।

गौपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौपालन केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति के सम्मान, गौवंश संरक्षण और समाज के साथ मिलकर चलने की सीख देती है। प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी हमारा जीवन सुखी और समृद्ध रहेगा।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल पहले ही प्रकृति, वन और चराचर जगत पर सभी के समान अधिकार का संदेश दिया था। गौमाता की सेवा से समाज को यह सीख मिलती है कि गौपालन आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है। दूध के अलावा गोबर से खाद तैयार होती है, जो जैविक और प्राकृतिक खेती को समृद्ध बनाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल कृषि से ही समृद्धि नहीं आएगी। इसके लिए गाय, भैंस और बकरी पालन के साथ मछली पालन, उद्यानिकी फसलों का उत्पादन तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा देना होगा। राज्य सरकार इन सभी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती के मामले में मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर है।

प्रदेश में लगाए जाएंगे बड़े पशु मेले

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब बड़े स्तर पर पशु मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत एवं आधुनिक कृषि यंत्रों के साथ उन्नत नस्ल के गौवंश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इससे किसानों को बेहतर नस्ल के पशुओं के पालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की जानकारी मिलेगी।

उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं और हर साल गीता जयंती भी मनाई जा रही है। प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में वृंदावन ग्राम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीरामराजा सरकार लोक के रूप में ओरछा में 400 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य हो रहे हैं, जबकि चित्रकूट में 2,000 करोड़ रुपये के कार्य भी वर्तमान में धरातल पर चल रहे हैं।

रवीन्द्र भवन परिसर में गोवर्धन पूजा और स्टॉल्स का अवलोकन

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने रवीन्द्र भवन परिसर में बनाए गए भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की, परिक्रमा की और आरती उतारी। उन्होंने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं तथा परिसर में लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया। इस अवसर पर समाजजनों ने मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर और भेंट देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

समारोह में खेल एवं युवक कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के सचिव सुदाम खाड़े, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, पशुपालन संचालक पीएस पटेल, संस्कृति संचालक एमपी नामदेव और रघुनंदन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री निवास में भी हुआ गौपूजन और गोवर्धन पूजन

मुख्यमंत्री निवास स्थित गौशाला में भी गौपूजन एवं गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद गौवंश का पूजन किया और गौशाला परिसर में बनाए गए भगवान गोवर्धन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रद्धाभाव से गिरवर की परिक्रमा कर सभी को गोवर्धन पूजा की बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर गौशाला को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

सम्बन्धित खबरें