राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को दी गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं, प्रकृति संरक्षण का किया आह्वान कहा—गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सह-अस्तित्व का पर्व; हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का लें संकल्प

  • Admin
  • Nov 09, 2026
  • 4,546 views

भोपाल, 9 नवंबर 2026।

 राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की जीवनशैली का प्रतीक है। यह उत्सव प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ उसके संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की आराधना का प्रसंग हमें प्रकृति की रक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग की प्रेरणा देता है। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण वैश्विक चुनौती है। ऐसे में गोवर्धन पूजा का पर्व हरियाली संवर्धन, जल संरक्षण और सतत जीवनशैली अपनाने का संदेश देता है।

पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें। प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें और अपने आसपास वृक्षारोपण के साथ हरियाली को प्रोत्साहित करें।

उन्होंने कहा कि इस पर्व को भावी पीढ़ी में प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और जागरूकता विकसित करने के अवसर के रूप में मनाया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि सभी की सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण का निर्माण संभव है।

सम्बन्धित खबरें