‘आसरा’ और ‘करुणा’ अभियान से बेसहारा बच्चों व असहाय वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति किया जागरूक

  • Admin
  • Oct 16, 2026
  • 7,275 views

सेवा संकल्प अभियान के तहत संरक्षण, पुनर्वास और विधिक सहायता की जानकारी दी गई

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित ‘आसरा’ एवं ‘करुणा’ अभियान के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बेसहारा और होटल व सड़कों पर रहने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें संरक्षण, विधिक सहायता एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना तथा असहाय वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक करना था।

कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, नागरिकों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और सखी वन स्टॉप सेंटर 181 की सेवाओं के बारे में बताया गया।

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 संकटग्रस्त और जरूरतमंद बच्चों को सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, सखी वन स्टॉप सेंटर 181 हिंसा से प्रभावित महिलाओं को सहायता, परामर्श और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रदान करता है।

कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से जरूरतमंद बच्चों और असहाय वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता रखने तथा उनके अधिकारों का सम्मान करने की अपील की गई। साथ ही, संकट की स्थिति में संबंधित विभागों और सहायता सेवाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को विधिक सहायता और उपलब्ध संरक्षण सेवाओं से जोड़कर उनका सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की केसवर्कर स्तुति राजवाड़े, जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा कुमार चंद्राकर, आउटरीच वर्कर महेश पटेल सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें