सक्ती में 14.66 करोड़ से बन रहा संयुक्त जिला कार्यालय भवन, एक ही परिसर में मिलेंगी शासकीय सेवाएं

  • Admin
  • Oct 13, 2026
  • 3,714 views

कंपोजिट बिल्डिंग से नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत, प्रमाण-पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़े काम होंगे आसान

सक्ती, 13 अक्टूबर 2026। 

नवीन जिला सक्ती में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को सुगम शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय भवन (कंपोजिट बिल्डिंग) का निर्माण किया जा रहा है। 14 करोड़ 66 लाख 59 हजार रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह भवन प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहा यह निर्माण कार्य नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम पहल है।

एक ही परिसर में होंगे विभिन्न शासकीय कार्यालय

संयुक्त जिला कार्यालय भवन के पूर्ण होने के बाद विभिन्न शासकीय कार्यालय एक ही परिसर में संचालित हो सकेंगे। इससे आम नागरिकों को प्रमाण-पत्र बनवाने, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और अन्य विभागीय कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक ही स्थान पर सेवाएं मिलने से नागरिकों के समय और संसाधनों की बचत होगी तथा शासकीय सुविधाओं तक उनकी पहुंच आसान बनेगी।

गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पर जोर

लोक निर्माण विभाग, सक्ती संभाग के कार्यपालन अभियंता आर.के. खाम्भरा ने बताया कि भवन निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इंजीनियरों और अनुभागीय अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए अनुबंधित एजेंसी विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में लगातार काम कर रही है।

नागरिक-केंद्रित प्रशासन को मिलेगी मजबूती

संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और नागरिक सुविधाओं में सुधार आएगा। इससे शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी। नवीन जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित की जा रही यह अधोसंरचना सक्ती के दीर्घकालीन विकास और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को मजबूती प्रदान करेगी।

सम्बन्धित खबरें