‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत, गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’; सरकार आपके द्वार से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर : ओपी चौधरी

‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत, गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’; सरकार आपके द्वार से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने प्रभार जिले की वर्चुअल बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर, 9 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक महीने का व्यापक अभियान शुरू होने जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी, जिसमें प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। हर दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा।

वित्त मंत्री एवं संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने के निर्देश दिए।

हर दीप में आभार, हर कदम में संकल्प

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की यात्रा केवल वर्षों का पड़ाव नहीं, बल्कि जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में विश्वास की यात्रा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी यात्रा के प्रति जन-आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

उन्होंने ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर पर अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयंसेवी संगठन, शैक्षणिक संस्थान, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी जोड़े जाएंगे।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने प्रभार जिले की वर्चुअल बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की

स्कूली बच्चों की नजर से दिखेगा विकसित भारत

अभियान के दौरान ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के जरिए नई पीढ़ी की कल्पना को मंच मिलेगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में विकसित भारत और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के जरिए सामने लाया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक बताएंगे सेवा और बदलाव की कहानी

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे हुए बदलाव की कहानियां आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। इन प्रस्तुतियों को सरल, भावनात्मक और प्रभावी तरीके से तैयार किया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा। इसमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं की सफलता की कहानियों को भी सामने लाया जाएगा।

‘कहानी बदलाव की’ में दिखेगा योजनाओं का असर

अभियान में सरकारी योजनाओं से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत संकलित की जाएंगी। इन कहानियों में हितग्राही, स्थान, योजना और उससे हुए बदलाव का विवरण दर्ज कर डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ से गांव से राज्य तक जुड़ेगा संकल्प

सेवा के 25 वर्षों के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला और राज्य स्तर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक बनेंगे भागीदार

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाली ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

‘सरकार आपके द्वार’ से योजनाएं पहुंचेंगी पात्र हितग्राहियों तक

अभियान का सबसे महत्वपूर्ण जनसेवा पक्ष ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ होगा। विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी इन शिविरों में सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान को जनआंदोलन बनाने की तैयारी

वित्त मंत्री चौधरी ने अधिकारियों से सभी गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी जुड़े रहे।

‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू होकर ‘सरकार आपके द्वार’ तक पहुंचने वाला यह अभियान सेवा, सहभागिता और संकल्प को एक साझा मंच पर लाने की कवायद है। सरकार की कोशिश इसे महज आयोजनों की श्रृंखला के बजाय गांव से शहर तक व्यापक जनभागीदारी वाले अभियान का रूप देने की है।

सम्बन्धित खबरें