‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण

रायपुर, 30 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रायपुर स्थित अशोका पाम मीडोज सोसाइटी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल वृक्षारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृशक्ति के प्रति सम्मान की भावना से जुड़ा जन-अभियान है। बढ़ते शहरीकरण और बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच वृक्षों का महत्व और बढ़ गया है। पेड़ स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के साथ जल एवं मृदा संरक्षण, तापमान संतुलन और जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए छांव, स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेगा।

मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा पर्यटन की बड़ी ताकत है। घने वन, नदियां, जलप्रपात, पहाड़ और जैव विविधता राज्य के पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास से स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, अनुज शर्मा, राजीव अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

सम्बन्धित खबरें