BRICS की मेजबानी से दुनिया में बढ़ा भारत का कद, ग्लोबल साउथ की आवाज को मिला नया मंच: मुख्यमंत्री साय

भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका को बताया गौरव का अवसर, निवेश, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद

रायपुर, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की भूमिका वैश्विक मंच पर लगातार मजबूत हुई है। वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता और 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने इसे प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का अवसर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब केवल अपने राष्ट्रीय हितों को मजबूती से आगे बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकासशील देशों और ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को भी वैश्विक मंचों पर प्रभावी ढंग से सामने रख रहा है। भारत की बढ़ती स्वीकार्यता देश की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है।

सहयोग, नवाचार और सतत विकास पर भारत का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि “Building Resilience, Innovation, Cooperation, and Sustainability” की थीम के साथ भारत की BRICS अध्यक्षता वैश्विक सहयोग, नवाचार और सतत विकास को नई दिशा देने का अवसर है। भारत का दृष्टिकोण दुनिया को साथ लेकर चलने और साझा प्रगति के नए रास्ते तैयार करने का रहा है।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत ने वैश्विक मंचों पर हमेशा स्पष्ट और दृढ़ रुख अपनाया है। वहीं डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय समावेशन और तकनीक के जरिए आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का भारतीय मॉडल भी दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। BRICS जैसे बहुपक्षीय मंच इन अनुभवों और विकास की संभावनाओं को साझा करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

वैश्विक प्रभाव से राज्यों को भी मिलेंगे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का लाभ देश के राज्यों को भी मिलेगा। निवेश, नई प्रौद्योगिकी, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भारत का नेतृत्व वैश्विक सहयोग को मजबूत करने, ग्लोबल साउथ की आवाज को अधिक प्रभावी बनाने और साझा समृद्धि के नए रास्ते खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सम्बन्धित खबरें