सिंगापुर दौरे पर सीएम साय, सिंगापुर की कंपनी 41,750 करोड़ से बनाएगी AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस

  • Admin
  • Oct 05, 2026
  • 16,488 views

 

सिंगापुर , 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में राज्य को 43,250 करोड़ रुपये के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिलीं। इसमें सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव सिंगापुर मुख्यालय वाली Energy Capital Global Private Limited का है, जो छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए 41,750 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। राज्य ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर इस फोरम में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने Energy Capital Global को निवेश के लिए ‘Invitation to Invest’ भी सौंपा।

100 मेगावाट क्षमता का होगा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस

Energy Capital Global एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी की मौजूदगी सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में है।

कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Stanislav Borisov ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह समझौता दीर्घकालिक साझेदारी की शुरुआत है। कंपनी मध्य भारत में सबसे बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, राज्य में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

यह निवेश राज्य में डिजिटल क्षेत्र की बढ़ती गतिविधियों को नई गति देगा। छत्तीसगढ़ में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। प्रस्तावित परियोजना और मौजूदा AI डेटा सेंटर पार्क मिलकर छत्तीसगढ़ को भारत के उभरते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।

सोलर, बैटरी स्टोरेज में भी 1,500 करोड़ का निवेश प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ को Sunstream Green Energy Private Limited की ओर से भी 1,500 करोड़ रुपये के FDI निवेश का प्रस्ताव मिला है। यह निवेश सोलर क्षेत्र के साथ-साथ संबंधित बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और प्रदेश के लोगों के प्रति निवेशकों के विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के और करीब ले जाने में मदद मिलेगी।

450 से ज्यादा सुधारों का असर, 18 महीने में 8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की निवेश नीति और सुधारों को सामने रखते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बंद कमरों में चर्चा कर सुधार नहीं करती, बल्कि सीधे उद्योग जगत से उनकी कठिनाइयों के बारे में जानकारी लेकर व्यवस्थाओं में बदलाव करती है।

उन्होंने बताया कि अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और यह ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ तब तक जारी रहेगी, जब तक लोग स्वयं यह न कहें कि अब और सुधार की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के संयोजन के चलते छत्तीसगढ़ को केवल 18 महीनों में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

सिंगापुर सरकार ने आर्थिक रिश्तों को दी प्राथमिकता

SING Forum 2026 में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री Gan Siow Huang मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनकी मौजूदगी ने भारतीय राज्यों के साथ आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने को सिंगापुर द्वारा दिए जा रहे महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में Mastercard, IHCL (Taj Hotels) और Nestlé सहित वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ नेतृत्व ने भी संबोधित किया।

एक्वाटेक और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी हुई चर्चा

फोरम से इतर मुख्यमंत्री ने Aquatech और Adroit Overseas Private Limited के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन बैठकों में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से संबंधित अधोसंरचना तथा छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण के व्यापक अवसरों पर चर्चा केंद्रित रही।

सिंगापुर यात्रा के अगले चरण में मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर 2026 को CEO Roundtable में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इस बैठक के जरिए SING Forum से बनी निवेश की गति को आगे बढ़ाने और छत्तीसगढ़ में नए निवेश एवं साझेदारी के अवसरों को मजबूत करने की कोशिश होगी।

सम्बन्धित खबरें