सिंगापुर से छग को बड़ी सौगात: 350 करोड़ के एग्रो-फूड हब का प्रस्ताव, युवाओं की स्किलिंग के लिए हुआ समझौता

  • Admin
  • Oct 06, 2026
  • 23,489 views

 

सिंगापुर 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां मिलीं। प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए समझौता हुआ। वहीं Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने के लिए 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।

इन उपलब्धियों के साथ सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों का कुल आंकड़ा बढ़कर 43,600 करोड़ रुपये हो गया है। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात के साथ ही दुनिया की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया।

उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार होंगे युवा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का भ्रमण कर वहां लागू उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा।

सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी बड़ी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल का लाभ छत्तीसगढ़ में भी लेने की तैयारी है। इससे उद्योगों की जरूरत के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। सिंगापुर ने कौशल विकास का सफल मॉडल तैयार किया है। छत्तीसगढ़ चाहता है कि प्रदेश के युवाओं को भी उद्योगों की जरूरत के मुताबिक आधुनिक प्रशिक्षण मिले और वे अपने प्रदेश में ही बेहतर करियर बना सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार कुशल युवा छत्तीसगढ़ में ही उपलब्ध हों।

किसानों की उपज का होगा प्रदेश में मूल्य संवर्धन

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। 22 देशों में कारोबार करने वाली यह कंपनी प्रदेश में 350 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करेगी।

इस हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का प्रदेश में ही मूल्य संवर्धन होगा। साथ ही किसानों को नए बाजार मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से निवेश और तकनीक पर चर्चा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

सिंगापुर के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के विकास में किस तरह लिया जा सकता है, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया।

15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों से निवेश पर संवाद

मुख्यमंत्री ने सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इसमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कंपनियों को छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, विभिन्न सुधारों और बेहतर कारोबारी वातावरण की जानकारी दी। बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण की दिशा में पहल

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की। बैठक में GFTN के ग्रुप सीईओ Sopnendu Mohanty, इंडिया, एशिया, जापान एवं ASEAN के सीईओ James Boey और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Anthony Thomas सहित उनकी टीम शामिल हुई।

बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।

सिंगापुर यात्रा के समापन के साथ छत्तीसगढ़ के लिए निवेश के साथ कौशल विकास, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के नए रास्ते खुले हैं। यात्रा के दौरान हुए समझौतों और निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में उद्योगों के विस्तार, किसानों की उपज के मूल्य संवर्धन, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

सम्बन्धित खबरें