नारी शक्ति के सम्मान में भोपाल में निकलेगी हॉकी वॉकथॉन, विवेक सागर भी होंगे शामिल 15 नवंबर को सुबह 7:30 बजे होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक होगा आयोजन, महिला हॉकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल

  • Admin
  • Nov 14, 2026
  • 1,654 views

भोपाल : 14 नवंबर 2026

एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल-2026 के शुभारंभ से पहले 15 नवंबर को राजधानी में नारी शक्ति को समर्पित हॉकी वॉकथॉन आयोजित की जाएगी। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में होने वाली यह वॉकथॉन रविवार सुबह 7:30 बजे होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकाली जाएगी।

इस आयोजन में भारतीय हॉकी के स्टार खिलाड़ी और मध्यप्रदेश के गौरव विवेक सागर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा भोपाल के खिलाड़ी, फिटनेस प्रेमी, व्यवसायी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा संगठन, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी हिस्सा लेंगे।

महिला हॉकी के साहस और उपलब्धियों को सम्मान

मंत्री सारंग ने बताया कि वॉकथॉन का उद्देश्य महिला हॉकी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और महिला खिलाड़ियों के अदम्य साहस, प्रतिभा एवं उपलब्धियों का सम्मान करना है। उन्होंने कहा कि एक समय भोपाल को हॉकी की नर्सरी के रूप में देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान प्राप्त थी। मध्यप्रदेश की धरती ने अनेक प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने वैश्विक मंच पर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि भोपाल की इस गौरवशाली पहचान को फिर से स्थापित करने और मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मानचित्र पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। मंत्री ने शहरवासियों से नारी शक्ति के सम्मान, महिला हॉकी के प्रोत्साहन और भोपाल की हॉकी विरासत को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से आयोजित वॉकथॉन में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

19 से 28 नवंबर तक होगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता

भोपाल पहली बार इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। एशियन हॉकी फेडरेशन और हॉकी इंडिया के सहयोग से मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 19 से 28 नवंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा नाथू, भोपाल में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

लगभग 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की गरिमामयी उपस्थिति में प्रतियोगिता का शुभारंभ और अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण किया जाएगा।

एशिया की छह शीर्ष टीमें दिखाएंगी दमखम

प्रतियोगिता में एशिया की छह शीर्ष महिला हॉकी टीमें भारत, जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगी। इन टीमों की लगभग 150 खिलाड़ी अपने खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और हॉटस्टार पर किया जाएगा।

भोपाल के हॉकी स्टेडियम को मिला FIH कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र

अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र प्रदान किया है। देश में इस श्रेणी के स्टेडियम केवल दो शहरों में हैं। इनमें पहला हैदराबाद और दूसरा भोपाल है।

सम्बन्धित खबरें