छत्तीसगढ़ में महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का ऐतिहासिक आगाज, बेटियों के लिए खुलेंगी नई संभावनाएं

  • Admin
  • Oct 20, 2026
  • 6,986 views

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का लिया आनंद, खेल अधोसंरचना और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर

रायपुर, 20 अक्टूबर 2026।

छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों देशों की खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव और हर्ष का अवसर है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना इसे और भी खास बनाता है।

महिला खिलाड़ियों से प्रदेश की बेटियों को मिलेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और परिश्रम से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन प्रदेश की बढ़ती खेल भूमिका का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल क्रिकेट श्रृंखला नहीं, बल्कि बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने वाला अवसर भी है। विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखकर प्रदेश की बालिकाओं में खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और छत्तीसगढ़ व देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।

इस ऐतिहासिक श्रृंखला के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना है।

खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं देना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के अनुकूल वातावरण तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धा के बेहतर अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयास है कि प्रदेश की प्रतिभाओं को अपने ही राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री के अनुसार, शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम प्रदेश की महत्वपूर्ण खेल अधोसंरचना है। राज्य सरकार द्वारा स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां नियमित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबले देखने और युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिल रहा है।

अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से बढ़ रही छत्तीसगढ़ की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते समय में नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन किया गया। राज्य सरकार की विशेष पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी आयोजित हुए। अब भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के आयोजन से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजन किसी प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ उसकी अर्थव्यवस्था और पहचान को भी बढ़ावा देते हैं। देश-दुनिया से खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों के आने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

नवा रायपुर को स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर आधुनिक अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान दिलाना है।

इसके लिए खेल सुविधाओं का विस्तार, मौजूदा अधोसंरचना का बेहतर उपयोग और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

खेलों में बेटियों की उपलब्धियां देश का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। भारतीय महिला खिलाड़ी लगातार उपलब्धियां हासिल कर विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ा रही हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला उत्कृष्ट खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का यादगार उदाहरण बनेगी। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में आयोजित यह श्रृंखला विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा देगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें