किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध सरकार, 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता : मुख्यमंत्री साय

  • Admin
  • Nov 16, 2026
  • 6,406 views

3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही धान खरीदी, प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू

सेंदरी धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना कर मुख्यमंत्री ने किया खरीदी का शुभारंभ, किसानों ने धान से किया तुलादान

बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा की और स्वयं धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। किसानों ने धान से तुलादान कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेंदरी की पावन भूमि से धान खरीदी का शुभारंभ करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में उपार्जन केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 3100 हो गई है।

21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों तथा किसानों की चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। कई बार मौसम, कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसी स्थिति में भी पात्र किसानों को आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के समतुल्य आदान सहायता का लाभ भी उसे मिलेगा। इस तरह किसान को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान, उनकी उपज का उचित मूल्य और खेती को लाभकारी बनाना सरकार का संकल्प है।

पहले दिन तीन किसानों से 52 क्विंटल धान की खरीदी

सेंदरी सेवा सहकारी समिति में खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इनमें खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया। तीनों किसान मोटा सरना किस्म का धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे थे।

उल्लेखनीय है कि सेंदरी सेवा सहकारी समिति से सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा के कुल 1,149 किसान सदस्य जुड़े हुए हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व सांसद लखन लाल साहू, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह सहित दीपक ठाकुर, मोहित जायसवाल, अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें