सियान सेवा महाकुंभ में वरिष्ठजनों को सौगात, 1810 को देशभर में निशुल्क बस पास; 60 वरिष्ठ श्रमिक भी योजनाओं से जुड़े.

  • Admin
  • Oct 01, 2026
  • 4,925 views

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। 

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग ने रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में सियान सेवा महाकुंभ आयोजित किया। समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद किया। कार्यक्रम से 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम में ‘सियान आशीष सेवा’ योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,810 वरिष्ठ नागरिकों को देशभर में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास प्रदान किए गए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार 2 हजार छड़ियां, 1 हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। बस पास से वरिष्ठजनों की यात्रा आसान होगी, वहीं सहायक उपकरण उनकी रोजमर्रा की गतिविधियों में सुविधा प्रदान करेंगे।

वरिष्ठजन आज के विकास के सहभागी : लक्ष्मी राजवाड़े

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन हमारी सांस्कृतिक विरासत और जीवन अनुभव के संवाहक हैं। उन्होंने अपने परिश्रम से परिवार और समाज को मजबूत आधार दिया है। वरिष्ठजनों का सम्मान करने के साथ उनके अनुभव को समाज के विकास में भी स्थान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन केवल कल की विरासत नहीं, बल्कि आज के विकास के सहभागी हैं। विकसित भारत के संकल्प और नवा अंजोर-अंजोर 2047 की सोच में उनकी सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का वृद्धजन कल्याण का संकल्प केवल पेंशन तक सीमित नहीं है। वरिष्ठजनों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वर्तमान में प्रदेश के 15,90,080 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर पात्र हितग्राही तक सहायता समय पर, पारदर्शिता के साथ और सम्मानपूर्वक पहुंचे।

2.55 लाख से अधिक वरिष्ठजनों ने की आध्यात्मिक यात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि योजना के माध्यम से अब तक 2,55,845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा कई वरिष्ठजनों की जीवनभर की इच्छा होती है और यह योजना उन्हें उसे पूरा करने का अवसर देती है। सियान आशीष सेवा योजना के बस पास भी वरिष्ठजनों की यात्रा को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

मंत्री ने सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत के समय वरिष्ठजनों को सहायता और भरोसा मिलना चाहिए। उन्होंने वृद्धाश्रमों, अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रशामक देखरेख गृह और सियान गुड़ी जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विभाग का प्रयास वरिष्ठजनों को सुरक्षित, आत्मीय और सम्मानपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों के जीवन में आई सुविधा और उनके चेहरे की मुस्कान से आंकी जानी चाहिए। उन्होंने सभी से सुरक्षा, सहभागिता और गरिमा के तीन संकल्प लेने का आह्वान किया।

रायपुर जिला प्रशासन ने शुरू किए दो विशेष प्रोजेक्ट

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की।

प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा के तहत जिले के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

वहीं प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान के अंतर्गत श्रम विभाग में लंबे समय से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत 60 वरिष्ठ श्रमिकों को लाभ प्रदान किया गया।

वरिष्ठ श्रमिकों के लिए पेंशन और एकमुश्त सहायता

पात्र निर्माण श्रमिकों के लिए 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत 1,500 रुपये मासिक पेंशन का प्रावधान है। वहीं तीन वर्ष से पंजीकृत 59 से 60 वर्ष आयु के श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है। रायपुर जिला प्रशासन की पहल का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ श्रमिकों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास तथा विधायक पुरंदर मिश्रा एवं मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।

समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, संचालक गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें