दीये से जनसेवा तक: एक महीने गांव-गांव गूंजेगा ‘सेवा संकल्प’ : रामविचार नेताम

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनभागीदारी के आयोजन, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने तैयारियों की ली समीक्षा

रायपुर, 9 सितंबर 2026। सेवा, सहभागिता और जनकल्याण को केंद्र में रखकर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को गांव से लेकर शहर तक व्यापक जनभागीदारी का रूप देने की तैयारी है। जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को वर्चुअल बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं बेहतर समन्वय के साथ संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा और सहभागिता की भावना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान को विस्तार देने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

17 सितंबर को हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जमीनी स्तर पर और घर-घर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के जरिए दीप को सेवा, आभार और सामाजिक सहभागिता के प्रतीक के रूप में जनभागीदारी से जोड़ा जाएगा।

बच्चों के सपनों में दिखेगा विकसित भारत

अभियान के तहत विद्यालय स्तर पर ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें बच्चों की कल्पनाओं और विकसित भारत की उनकी सोच को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सामने लाया जाएगा।

वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांव, नगर और विभिन्न संस्थानों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याणकारी कार्यों का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य और पोषण पर फोकस

25 सितंबर को ‘आंगन का उत्सव’ जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जाएगा। बच्चों के वजन, टीकाकरण सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

इसके साथ ही ‘कहानी का बदलाव’ कार्यक्रम जिला स्तर के साथ प्रत्येक क्लस्टर में आयोजित होगा। इसमें सकारात्मक बदलाव की प्रेरक कहानियों और जनभागीदारी के उदाहरणों को सामने लाया जाएगा।

गांव से जिला मुख्यालय तक निकलेगी ‘सेवा ज्योति’

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं ‘सेवा ज्योति अभियान’ के अंतर्गत ग्राम स्तर से जिला स्तर तक यात्रा निकाली जाएगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के जरिए शासन की योजनाओं और सेवाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। इस पहल के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें शासकीय सेवाओं से जोड़ने की दिशा में गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

रंगोली से राष्ट्रभाव, इनोवेशन से नई सोच

अभियान के दौरान निर्धारित दिवस पर ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के तहत घरों और चयनित नगरों में रंगोली बनाई जाएगी। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के तहत पांच क्षेत्रीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ कार्यक्रम के साथ प्रस्तावित है। इस दौरान सेवा और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को एक मंच पर लाने की तैयारी है।

त्योहारों के बीच भी बेहतर समन्वय के निर्देश

प्रभारी मंत्री नेताम ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान अलग से समन्वय बनाकर कार्यक्रमों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने स्तर पर तैयारियां समय पर पूरी करने तथा अभियान को सक्रिय जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष चम्पा देवी पावले, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, डिप्टी कलेक्टर नेहा खलखो सहित एसडीएम, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें