‘मन की बात’ देशभर के नवाचारों को देती है राष्ट्रीय पहचान : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ महज रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के दूरदराज क्षेत्रों में समाज और राष्ट्रहित के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रहे लोगों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के छोटे गांवों और क्षेत्रों में अनेक लोग पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण प्रयासों को देश के सामने लाकर उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। इससे जनभागीदारी और सकारात्मकता को बढ़ावा मिलता है।

नशामुक्त युवा, विकसित भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर विशेष जोर दिया है। युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

‘हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में देशवासियों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड की। यह राष्ट्रध्वज के प्रति नागरिकों के सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। ऐसे अभियान राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।

पीएम स्वनिधि से महिलाओं को आर्थिक संबल

उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं। आर्थिक रूप से सशक्त महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करती हैं।

स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बननी चाहिए। लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही गांव, शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को स्थायी रूप दिया जा सकता है।

महिमा राजपूत की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ को गर्व

मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में अंतरिक्ष विज्ञान और छात्राओं से जुड़े प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की बेटियां अब धरती से अंतरिक्ष तक अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों से छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस मुहिम का हिस्सा बनना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने महिमा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव का विषय

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ के बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों का उल्लेख किया है। प्रदेश के नवाचार, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच मिलना छत्तीसगढ़वासियों के लिए गौरव की बात है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा सहित संतजन, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें