किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली, MSP पर खरीदा जाएगा धान: CM यादव शहडोल के बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री की घोषणा, हर खेत तक पानी पहुंचाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

  • Admin
  • Sep 27, 2026
  • 2,418 views

भोपाल | 27 सितंबर 2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह बात रविवार को उज्जैन से शहडोल में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही।

धान की समर्थन मूल्य पर होगी खरीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पहली बार शहडोल के किसानों से श्री अन्न कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों के धान की भी सरकार समर्थन मूल्य पर खरीदी करेगी और किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराकर आधुनिक और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मछली पालन से किसानों को जोड़कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा रहे हैं।

हर खेत तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिंचाई का रकबा बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा और हर खेत तक पानी पहुंचाने का प्रयास रहेगा।

उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुपालन को प्रोत्साहित करने की बात भी कही।

शहडोल की हल्दी को मिला जियोटैग

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहडोल जिले के ओडीपी उत्पाद के रूप में क्षेत्र की पहचान हल्दी को जियोटैग मिला है। क्षेत्र में हल्दी का पर्याप्त उत्पादन होता है, इसलिए मसाला फसलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हल्दी की प्रोसेसिंग और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।

कोदो-कुटकी और उद्यानिकी फसलों पर जोर

मुख्यमंत्री ने जैविक खेती करने वाले किसानों से संवाद किया। उन्होंने शहडोल क्षेत्र के राजाबाग अमरूद, मूंगा, कोदो और कुटकी की प्रसिद्धि का उल्लेख करते हुए किसानों को उद्यानिकी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की दुर्लभ वनस्पतियों के संग्रहण, प्रसंस्करण और बाजार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

अब साल में कभी भी जमा कर सकेंगे ऋण

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बिना ब्याज ऋण की राशि जमा करने की सुविधा में बदलाव किया गया है। पहले किसान साल में दो बार ऋण चुका सकते थे, अब सरकार ने इसे साल में एक बार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी सुविधा के अनुसार साल में कभी भी ऋण की राशि जमा कर सकेंगे।

जनजातीय गांवों में बनेंगे होम-स्टे

शहडोल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जनजातीय बहुल गांवों में होम-स्टे विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि होम-स्टे के लिए राज्य सरकार ने अनुदान की व्यवस्था की है।

इससे युवाओं को रोजगार और आय के नए अवसर मिलने के साथ ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की उम्मीद है। पर्यटन विभाग के माध्यम से होम-स्टे के संचालन में भी सहयोग किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने किसानों से जैविक और प्राकृतिक कृषि को अधिक से अधिक अपनाने का आह्वान किया।

किसानों को दी गई कृषि संबंधी जानकारी

बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों और विभिन्न कृषि योजनाओं से संबंधित साहित्य वितरित किया गया। किसानों को खेती के साथ पशुपालन, उद्यानिकी और अन्य गतिविधियों को अपनाकर आय के विविध स्रोत विकसित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में एपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, जिला पंचायत सीईओ शिवम् प्रजापति, जयपाल सिंह चावड़ा, विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, कप्तान सिंह, ब्रजेश प्रताप सिंह, सुरेश चतुर्वेदी, जिला योजना समिति सदस्य अमिता चपरा, संतोष लोहानी, रविकांत त्रिपाठी, भूपेंद्र मिश्रा, संयुक्त संचालक कृषि के.एस. यादव, कृषि वैज्ञानिक मृगेन्द सिंह, डॉ. बी.के. प्रजापति, भानू प्रताप सिंह सहित किसान, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी विभाग के अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सम्बन्धित खबरें