छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार, रावघाट और कुरूद तक नई यात्री सेवाओं की शुरुआत

  • Admin
  • Oct 19, 2026
  • 3,657 views

20 अक्टूबर को ताड़ोकी–रावघाट और अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन, रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा का होगा शिलान्यास

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026।

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में 20 अक्टूबर को महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी–रावघाट और अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ भी होगा। वहीं, रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल रेल नेटवर्क का विस्तार नहीं, बल्कि बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों तक आधुनिक परिवहन सुविधाएं पहुंचें और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो।

रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर के विकास को मिलेगी गति

दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण पूरा किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ यह महत्वपूर्ण परियोजना पूर्ण हो गई है।

रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार से जुड़े अवसरों तक पहुंच आसान होगी तथा क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

यह रेल संपर्क रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा।

अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज लाइन से राजधानी तक आवागमन होगा आसान

अभनपुर–धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के तहत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन से क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। परियोजना के शेष कुरूद–धमतरी सेक्शन में निर्माण कार्य जारी है।

रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार, कृषि और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में विकसित होगी आधुनिक रेल इंजन रखरखाव सुविधा

रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इस आधुनिक सुविधा के विकसित होने पर भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी।

इससे रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने और बढ़ती माल परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी। साथ ही, प्रदेश में रेल संबंधी तकनीकी अधोसंरचना के विस्तार को भी मजबूती मिलेगी।

दूरस्थ अंचलों तक आधुनिक परिवहन सुविधाएं पहुंचाने की पहल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई रेल लाइनें, यात्री सेवाएं और आधुनिक रेल अधोसंरचना छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति देंगी। रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर अंचल में विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की नई संभावनाएं खुलेंगी।

इन परियोजनाओं से दूरस्थ क्षेत्रों की राजधानी और अन्य प्रमुख औद्योगिक केंद्रों तक पहुंच बेहतर होगी। रेल संपर्क का यह विस्तार स्थानीय लोगों के लिए आवागमन की सुविधा बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहित करेगा।

सम्बन्धित खबरें