बच्चों के उत्कृष्ट विचार विकसित भारत का सपना सच करेंगे: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

  • Admin
  • Sep 28, 2026
  • 6,581 views

रीवा | 28 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में हुई, जहां उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

बच्चों के विचारों से दिखी विकसित भारत की तस्वीर

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने विद्यार्थियों के चित्रों और भाषण प्रतियोगिता में व्यक्त विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के उत्कृष्ट विचारों से विश्वास मजबूत हुआ है कि वे विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विश्वगुरु बनेगा और लंबे समय तक विश्व का नेतृत्व करेगा, जिससे दुनिया में शांति और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्षों की पराधीनता के कारण देश विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, लेकिन आजादी के बाद विकास के प्रयास शुरू हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को गति मिली।

2047 में बच्चे निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विकास का वास्तविक और पूरा लाभ आज के बच्चों को मिलेगा। वर्ष 2047 में यही बच्चे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे होंगे।

उन्होंने युवाओं से देश के विकास को लेकर जागरूक रहने और अपने मन-मस्तिष्क को खुला रखते हुए सही जानकारी के आधार पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास की राह में बाधा डालने के प्रयासों के बीच युवाओं को भ्रमित करने की कोशिशें भी की जा रही हैं। उन्होंने बच्चों से ऐसे किसी भी जाल में न फंसने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता ने बच्चों की ‘ब्रेन स्टॉर्मिंग’ की है। उन्होंने इसके लिए शिक्षा विभाग को बधाई दी और भाषण प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को पुष्पगुच्छ और स्नेह देकर सम्मानित किया।

ग्रामीण स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी दिखाई प्रतिभा

विन्ध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर वे अभिभूत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर भी रीवा का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में बड़े स्कूलों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता

भाषण प्रतियोगिता:

  • प्रथम — वैशाली शुक्ला और ऋषिका सोनी (संयुक्त)
  • द्वितीय — शगुन सिंह
  • तृतीय — प्रवीणा पटेल
  • चतुर्थ — देश शुक्ला
  • पंचम — गौरी तिवरी

चित्रकला प्रतियोगिता:

  • प्रथम — आद्या सोनी
  • द्वितीय — तृप्ति द्विवेदी
  • तृतीय — नेहा ठकुरिया
  • चतुर्थ — आयुषी गुप्ता

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षदगण, प्रभारी अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मिश्रा, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और 300 से अधिक प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें