भारत को नशा-मुक्त बनाने में सभी का सहयोग अपेक्षित: राज्यपाल पटेल

भोपाल, 2 अगस्त 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के शुभारंभ के वर्चुअल कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भोपाल में सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज सुख शांति भवन रिट्रीट सेंटर में किया गया। यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी दीदी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत आयोजित किया गया।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए हर व्यक्ति, परिवार, समुदाय और वर्ग का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि 10 करोड़ लोग एक-एक परिवार को नशा मुक्त करने का संकल्प लें तो देश की 50 करोड़ आबादी नशा मुक्त हो सकती है।

उन्होंने कहा कि नशा-मुक्त, स्वस्थ, संस्कारवान एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए यह एक महत्वपूर्ण जन-आंदोलन है। बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और प्रत्येक परिवार को नशा-मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। नशा व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशा-मुक्त भारत का संकल्प जन-आंदोलन का रूप लेना चाहिए।

मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि नशा सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के क्षरण का प्रमुख कारण है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें अध्यात्म और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है।

कार्यक्रम में बी.के. नीता दीदी ने स्वागत उद्बोधन दिया, बी.के. राम भाई ने संचालन किया, जबकि बी.के. रतना दीदी ने नशा-मुक्त भारत की प्रतिज्ञा दिलाई। बी.के. हेमा दीदी ने राजयोग का अभ्यास कराकर सकारात्मक एवं आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

सम्बन्धित खबरें