117 साल पुरानी गणेशोत्सव परंपरा में शामिल हुए सीएम साय, प्रदेश की खुशहाली की कामना

रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के उल्लास से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप गणेशोत्सव पंडाल में विराजित भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच आरती उतारकर उन्होंने प्रदेश की प्रगति और प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व होने के साथ समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली समृद्ध परंपरा का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े तथा हर घर-परिवार में सुख और खुशहाली का वास हो, यही उनकी कामना है।

गोल बाजार में विराजे विघ्नहर्ता के किए दर्शन-पूजन, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

पीढ़ियों से कायम है 117 साल पुरानी परंपरा

मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से निरंतर चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष है। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।

गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां स्थापित होने वाली गणेश प्रतिमा अपनी भव्यता और आकर्षक स्वरूप के कारण रायपुर में श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ स्वागत

मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की मंगलध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें गजमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।

150 साल पुराने हनुमान मंदिर में भी की पूजा

भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने राजधानी की इस प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सम्बन्धित खबरें