कालीबाड़ी मंदिर में मुख्यमंत्री साय ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद

  • Admin
  • Oct 17, 2026
  • 9,702 views

कहा—मां दुर्गा की आराधना साहस, सकारात्मक ऊर्जा और सत्य के मार्ग पर चलने की देती है प्रेरणा

नवरात्रि और दुर्गा पूजा के पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को करते हैं मजबूत

रायपुर, 17 अक्टूबर 2026। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार शाम राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध मां काली मंदिर, कालीबाड़ी एवं दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां काली और मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में सुख-शांति बनाए रखने और प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए मां भगवती से आशीर्वाद मांगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शक्ति की आराधना का पावन अवसर हमें अपनी आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ता है। मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

पर्व-उत्सव सामाजिक एकता के मजबूत आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से है। यहां के पर्व और उत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने के अवसर भी हैं। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक सूत्र में जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत एवं जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण है। शक्ति की उपासना का यह पर्व मातृशक्ति के सम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण भी कराता है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है।

छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

मुख्यमंत्री साय ने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति बनी रहे, किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली आए। उन्होंने कामना की कि मां भगवती की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री ने कालीबाड़ी मंदिर एवं दुर्गा पूजा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं और समाजजनों ने भी उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

सम्बन्धित खबरें