दीपावली की रात उज्जैन की सड़कों पर निकले मुख्यमंत्री मोहन यादव, नागरिकों से मिलकर बांटी मिठाइयां फूलों की वर्षा और मालाओं से हुआ स्वागत; गुरुद्वारे में टेका मत्था, मंदिरों में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

  • Admin
  • Nov 08, 2026
  • 8,977 views

उज्जैन, 8 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को दीपावली की रात उज्जैन का नगर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई खिलाई। नागरिकों ने भी उत्साह के साथ जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने फ्रीगंज, शहीद पार्क, टावर चौक, तंबाकू बाजार, संदीपनी चौराहा से लेकर माता मंदिर चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों के साथ फोटो और सेल्फी खिंचवाई तथा उनके उत्साह और खुशियों में सहभागी बने। मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलार किया और उन्हें स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।

दिव्यांग दंपती से आत्मीय मुलाकात, गन्ने का रस भी पिया

फ्रीगंज क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग प्रजापति दंपती से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने दंपती को मिठाई भी भेंट की।

इसके बाद मुख्यमंत्री गन्ने के रस की दुकान पर रुके और रस पिया। उन्होंने दुकानदार मोहन और ललित भाटी को गन्ने के रस का मूल्य भी चुकाया। इसी क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण स्वागत और अभिनंदन किया।

गुरुद्वारे में टेका मत्था, गुरुजी की महिमा का किया वर्णन

नगर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय सिख गुरुद्वारे पहुंचे और मत्था टेककर अरदास की। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गुरुजी की महिमा का वर्णन किया।

हृदय अस्पताल पहुंचकर जानी चिकित्सा व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री यादव ने हृदय अस्पताल पहुंचकर वहां की चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों के संचालकों से भी मुलाकात की तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

बाजार क्षेत्र में मौजूद स्वच्छता मित्रों का मुख्यमंत्री ने सम्मान किया। उन्हें दीपावली की मिठाई और उपहार भी प्रदान किए।

गणेश और चामुंडा माता मंदिर में दर्शन-पूजन

नगर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री श्री गणेश मंदिर और चामुंडा माता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर प्रदेश के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सम्बन्धित खबरें