स्वदेशी दीपावली को बढ़ावा दे रही सरकार, स्थानीय कारीगरों और छोटे दुकानदारों से खरीदारी की मुख्यमंत्री की अपील मोहन यादव ने कहा- प्रदेश के हर अंचल तक पहुंचेगी विकास की रोशनी; छोटे दुकानदारों को तहबाजारी से छूट और जरूरतमंदों के बीच दीपावली मनाने के निर्देश

  • Admin
  • Nov 07, 2026
  • 5,432 views

भोपाल, 7 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के हर अंचल तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि त्योहार की खुशियां समाज के हर वर्ग, विशेषकर गरीब और छोटे व्यापारियों के घरों तक समान रूप से पहुंचें।

स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी की अपील

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में स्वदेशी दीपावली को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्थानीय कारीगरों, स्व-सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों से ही दीपक, सजावटी सामग्री और अन्य स्वदेशी उत्पाद खरीदें।

उन्होंने बताया कि दीपावली पर फल, फूल, पत्ती, तोरण, दीपक, बाती और झालर आदि की दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों को नगरीय निकायों की ओर से ली जाने वाली तहबाजारी से छूट देने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य छोटे व्यापारियों को राहत देना और त्योहार की खुशियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

गरीब बस्तियों और वृद्धाश्रमों में दीपावली मनाएंगे अधिकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार की खुशियां समाज के अंतिम व्यक्ति और जरूरतमंदों तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ अधिकारी गरीब बस्तियों, छोटे बच्चों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में जाकर उनके बीच दीपावली मनाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि त्योहार का आनंद समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति खुशियों से वंचित न रहे।

प्रतिबंधित पटाखों और कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर रोक

मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों के साथ मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाते समय लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।

विरासत, विकास और जनकल्याण के साथ विकसित मध्यप्रदेश का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प विरासत को संजोते हुए विकास के साथ सामाजिक संवेदना और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। इसी दिशा में आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री यादव ने प्रदेशवासियों को दीपावली के साथ छोटी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की भी मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में सुख, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली का प्रकाश निरंतर फैलता रहे।

सम्बन्धित खबरें